पटवारी भर्ती परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न
नगरमें शनिवार को राजस्थान अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड द्वारा आयोजित पटवारी भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। नगर में भर्ती परीक्षा के लिए चार केंद्र बनाए गए थे। वहां 1320 अभ्यर्थी आवंटित किए थे। इसमें से 920 परीक्षा में सम्मिलित हुए और 400 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। नगर के राजकीय बालिका सीनियर स्कूल केंद्र की प्राचार्या सुनीता यादव के अनुसार उनके केंद्र पर आवंटित 432 में से 309 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए तथा 123 अनुपस्थित रहे। राजकीय मेजर कमलेश स्कूल केंट एरिया के केंद्राधीक्षक उमाशंकर के अनुसार उनके केंद्र पर 264 में से 79 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे तथा 185 ने परीक्षा दी। राजकीय व्यापारिक स्कूल की प्राचार्या सरस्वती शर्मा के अनुसार उनके केंद्र पर 336 में 101 अनुपस्थित रहे और 235 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इसी प्रकार गोविंदसिंह गुर्जर राजकीय महाविद्यालय की केंद्राधीक्षक कल्पना गौड़ के अनुसार उनके केंद्र पर आवंटित 288 परीक्षार्थियों में से 191 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए और 97 अनुपस्थित थे। चारों केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। नगर के परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों का आना शुरू हो गया तथा परीक्षा समाप्त होने के बाद रोडवेज स्टैंड पर अभ्यर्थी की भीड़ लग गई जो कि एक घंटे तक रही।