फसलों को नुकसान पहुंचा रही डस्ट
मांगलियावासपंचायत के अर्जुनपुरा जागीर गांव में नसीराबाद रोड स्थित पत्थर फैक्ट्री की डस्ट से करीब 25 हैक्टेयर में खड़ी चने की फसलें तबाह हो गई है। पीड़ित किसान नुकसान के बाद फैक्ट्री संचालक के विरोध में उतर आए है। पीड़ित किसानों ने फैक्ट्री के बाहर विरोध प्रदर्शन के बाद सोमवार को कलेक्टर, एसडीएम राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड किशनगढ़ पहुंचकर अपनी पीड़ा रखी और न्याय की गुहार की। मामले में अजुर्नपुरा जागीर में नसीराबाद रोड स्थित पत्थर पीसने की फैक्ट्री से उड़ने वाले डस्ट से फैक्ट्री परिसर के पास स्थित अर्जुनपुरा जागीर के किसानों की करीब 20-25 हैक्टेयर में खड़ी चने की फसल पाउडर उड़कर आने से धीरे धीरे नष्ट होती जा रही है। वहीं डस्ट से कृषि कार्य करना किसानों के लिए मुश्किल होता जा रहा है। पीड़ित किसानों ने बताया कि निराई-गुड़ाई करते उड़ती डस्ट नाक मुंह में जाने से सांस फूलने लग जाती है। पीड़ित काश्तकार बजरंग सिंह, हरिसिंह, करणसिंह, भंवर सिंह, हेमसिंह की अगुवाई में पीड़ित किसानों ने सोमवार को फैक्ट्री के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। यहां से पीड़ित किसानों ने सामूहिक रुप से अजमेर कलेक्टर, एसडीएम प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड किशनगढ़ पहुंचकर समस्या का ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित किसानों ने इस दौरान फैक्ट्री संचालक द्वारा फैक्ट्री के बाहर सिवाई चक भूमि पर कर रखे अतिक्रमण की भी शिकायत की।