रोडवेज की टक्कर से महिला और चालक घायल
नसीराबाद| कोटामार्ग स्थित ग्राम लोहरवाड़ा के आगे टैंक के पास एक रोडवेज बस के चालक ने आगे जा रही बाइक के टक्कर मार दी जिससे बाइक चालक और पीछे बैठी महिला घायल हो गए लेकिन महिला की गोद मेें बैठे बच्चे को खंरोच तक नहीं आई। जानकारी के अनुसार चांदमा निवासी कालूराम पुत्र सकराम प्रजापत अजमेर से बाइक पर अपने गांव चांदमा वापिस लौट रहा था। चालक कालूराम के अनुसार नसीराबाद अस्पताल के पास से गुजरते समय गांव की पड़ौसन मनभर अपने बच्चे के साथ बस का इंतजार कर रही थी जिसे कालू ने बाइक के पीछे बैठा लिया। घायल कालूराम ने अस्पताल में पर्चा बयानों में बताया कि लोहरवाड़ा से निकलते ही पीछे से आई डीडवाना-कोटा रोडवेज बस के चालक ने लापरवाही से ओवरटेक करते समय बाइक के टक्कर मार दी जिससे बाइक पर सवार कालू, मनभर और बच्चा तीनों ही दूर जा गिरे। दुर्घटना में महिला मनभर और चालक कालूराम घायल हो गए जिन्हें स्थानीय राजकीय अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया।
लेकिन मनभर की हालत बिगड़ने पर उसे अजमेर रैफर कर दिया गया। एएसआई रामनिवास की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने फरार बस चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर बस को जब्त कर लिया और कार्रवाई शुरू कर दी।