- Hindi News
- सड़क सुरक्षा सप्ताह 16 से, हर दिन होंगे विविध कार्यक्रम
सड़क सुरक्षा सप्ताह 16 से, हर दिन होंगे विविध कार्यक्रम
राजसमंद| कलेक्ट्रीसभागार में गुरुवार को 26वें सड़क सुरक्षा सप्ताह को लेकर बैठक रखी गई। सड़क सुरक्षा सप्ताह 16 से 22 फरवरी तक मनाया जाएगा। एडीएम गोविन्दसिंह राणावत ने संबंधितों से कहा है कि कार्यक्रम को प्रतीकात्मक नहीं बल्कि मानवीय दृष्टिकोण से सकारात्मक प्रयास के साथ चलाया जाए। इससे दुर्घटनाओं से बचने में के लिए वाहन चालकों को कुछ जागरूक किया जा सके।
राणावत ने कहा कि दुर्घटनाओं में अधिकांश तौर पर यातायात नियमों की जानकारी का अभाव या वाहन चलाने में लापरवाही कारण बनती है। उन्होंने कहा कि जिले को आदर्श मॉडल के रूप में देखते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर यहां के वाशिंदों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर दुर्घटनाओं में कमी लाने का सार्थक प्रयास किया जाए तो जिला राज्य में उदाहरण बन सकता है। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी वीरेन्द्रसिंह राठौड़ ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के आयोजनों की जानकारी दी। बैठक में सदस्यों ने लावारिस पशुओं की रोकथाम, यातायात पुलिस की चौराहों पर व्यवस्थित तैनाती करने के साथ लोगों को सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए जन जागृति पैदा करने की बात कही। वक्ताओं ने सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिन्दुओं पर विचार विमर्श किया। इस मौके पर उपखण्ड अधिकारी राजसमन्द चैनाराम चौधरी, नगर परिषद आयुक्त बृजमोहन बैरवा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक, जिला रसद अधिकारी श्यामसुन्दर शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एल. मीणा, अखिलेश, सामाजिक कार्यकर्ता भगवत शर्मा सहित प्राइवेट बस एसोसिएशन, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
सप्ताहके तहत कब-क्या होगा
जिलापरिवहन अधिकारी ने बताया कि 16 फरवरी को अभियान का शुभारंभ 100 फीट रोड पर सूचना केन्द्र पर सुबह 11 बजे परिवहन एवं पुलिस विभाग की ओर से होगा। सूचना केन्द्र में सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाएगी जो 22 फरवरी तक चलेगी। प्रदर्शनी आम जन के लिए खुली रहेगी। 17 फरवरी को स्कूल-कॉलेजों में शिक्षा विभाग के माध्यम से निबंध, 18 फरवरी को पोस्टर, 20 फरवरी को प्रतियोगिता तथा 21 फरवरी को बालकृष्ण स्टेडियम में सामूहिक प्रतियोगिता रखी गई है। शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान वाहनों की चैकिंग, ड्राइविंग लाइसेन्स, बीमा की जांच पुलिस विभाग के साथ की जाएगी तथा हेलमेट पहनने को प्रेरित किया जाएगा। 18 फरवरी को राजमसन्द एवं 19 फरवरी को नाथद्वारा में वाहन चालकों के नेत्रों की नि:शुल्क जांच एवं नि:शुल्क चश्मा वितरित किए जाएंगे। परिवहन विभाग सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा सप्ताह के स्लोगन एवं बैनर लगाकर लोगों में जनजागृति के प्रयास करेंगे। परिवहन विभाग एवं निजी वाहन एसोसिएशन के संयुक्त प्रयासों से वाहनों पर रिफ्लेक्टर भी लगाए जाएंगे। शहर के मुख्य मार्गों पर परिवहन विभाग एवं पीडब्ल्यूडी द्वारा मानक आधार पर गति अवरोधक लगाए जाएंगे। जल चक्की पर जेब्रा क्रॉसिंग सहित यातायात के संकेत लगाए जाएंगे।