- Hindi News
- निचली ओडन में मौसमी बीमारी के 55 मरीज मिले, मेडिकल टीम पहुंची
निचली ओडन में मौसमी बीमारी के 55 मरीज मिले, मेडिकल टीम पहुंची
शहरके समीपवर्ती निचली ओडन गांव में फैली मौसमी बीमारी का प्रकोप है। रविवार सुबह एक ग्रामीण की मौत होने की ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन हरकत में आया। मेडिकल टीम गांव में पहुंची। टीम ने 150 घरों में जाकर 825 लोगों की जांच की। दस बुखार से और 55 लोग सर्दी-जुकाम अन्य बीमारी से पीड़ित मिले। 38 बीमारों की ब्लड स्लाइडें ली गईं। मच्छर मारने और पानी को स्वच्छ रखने के लिए दवा का छिड़काव किया गया।
निचली ओडन निवासी सत्यनारायण कुम्हार ने बताया कि गत पन्द्रह दिनों से गांव में मौसमी बीमारी का असर है। अधिकांश घरों के सदस्य मौसमी बीमारी से पीड़ित हैं। गांव के कई लोग नाथद्वारा, उदयपुर अहमदाबाद के अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं।
रविवार को गांव के पन्नालाल पुत्र राधू मेघवाल की अहमदाबाद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो जाने से लोगों में अज्ञात बीमारी का भय व्याप्त हो गया। लोगों ने सरपंच जुगलकिशोर माली के माध्यम से एसडीएम जितेन्द्र ओझा के पास शिकायत पहुंचाई।
एसडीएम ओझा ने खमनोर ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी जेेपी बुनकर को निर्देश दिए। बुनकर ने डॉक्टर एएनम सहित टीम को सर्वे के लिए गांव में भेजा। मेडिकल टीम ने निचली ओडन की तलाया,गहनी मंगरी तथा चौराहे क्षेत्र के कुल 150 घरों में जा जाकर 825 सदस्यों की जांच की। डॉ. बुनकर ने बताया कि 825 लोगों में से 10 लोग मौसमी बुखार से पीड़ित पाए गए। 55 लोग सर्दी जुकाम अन्य बीमारी से पीड़ित मिले। वहीं 38 लोग के ब्लड सैम्पल लिए गए।
गंदगी और मच्छर पनपने से मौसमी बीमारी का प्रकोप : डॉक्टर
डॉ.बुनकर ने कहा कि गांव में गंदगी मच्छरों के चलते कुछ हद तक मौसमी बीमारी का प्रकोप दिख रहा है। बीमार मिले लोगों का इलाज किया जा रहा है। घर-घर जाकर इलाज करने का काम अभी कई दिनों तक जारी रहेगा। मच्छरों से निजात पाने के लिए विभिन्न मोहल्लों के 5 बड़े गड्ढों में मच्छर मारने का तेल डाला गया। अन्य 5 गड्ढों में गंम्बुशिया मछलियां डाली गईं जिससे मच्छर पनप सकें। गांव की सभी पेयजल टंकियों में एमीफोर्स डाला गया। पीड़ित घरों में पाइरीसर्म का स्प्रे किया गया है।