कल्याणरायजी का उत्सव मनाया
नाथद्वारा. श्रीजीप्रभु की हवेली में शनिवार को कल्याण रायजी का उत्सव परम्परानुसार मनाया गया। उत्सव भाव से बाल स्वरूपों को अनूठा शृंगार धराकर राग भोग सेवा के लाड लडाए गए। श्रीजी प्यारे के श्रीचरण में मोजाजी नुपूर धराए गए। श्रीअंग पर पशु-पक्षी मंडित सुथन के संग चाकदार चोली अंगीकृत कराई गई। श्रीमस्तक पर कूलहे संग पांच मोरपंख का जोड़ सुशोभित किया गया। शीशफूल, धवल किलंगी, हीरा के मयुराकृत कुण्डल धराकर प्रभु को हदीरों के आभरण के भारी शृंगार से सुशोभित किया गया। मोरपंख छापे के मेघ श्याम ठाडे वस्त्र धराए गए। कंदरा खण्ड में हंसियों वाली पिछवई सुशोभित की गई। इसमें चिडिय़ां रूपांकित की गई। मुखिया बाबा ने श्रीजी प्रभु की आरती उतारी। कीर्तनकारों ने विविध रागों में पदों का गान कर ठाकुरजी को रिझाया।