पूर्व जिला प्रमुख ने किया अतिक्रमण, नोटिस के बाद भी नहीं रोका निर्माण
पूर्वजिला प्रमुख किशनलाल गमेती पर उनके पैतृक गांव उसरवास में एक बीघा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने और उनके भाई वालू गमेती पर बिलानाम रास्ते की जमीन पर अवैध तरीके से मकान बनाने का आरोप ग्रामीणों और सरपंच ने लगाया गया है।
इस संबंध में ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत भी की। लेकिन सरकारी जमीन से कब्जा हटाने की कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम पंचायत ने नोटिस भी भेजे। लेकिन घरवालों ने नोटिस नहीं लिए। एेसे में पंचायत ने नोटिस चस्पा की कार्रवाई की। इधर, पूर्व जिला प्रमुख गमेती ने अतिक्रमण हटाने पर सरपंच के खिलाफ अभियान छेड़ने की बात कहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि भैंसाकमेड़ पंचायत के उसरवास में पूर्व जिला प्रमुख किशनलाल गमेती पर एक बीघा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर दिया। गणेश गुर्जर, भैरूलाल, मोहनलाल, हीरालाल अन्य ने कलेक्टर, एसडीएम तहसीलदार से इसकी शिकायत की। भोपा की भागल में किशनलाल गमेती ने होलीथड़ा उसके आसपास की एक बीघा सरकारी जमीन पर नाजायज कब्जा कर रखा है। जबकि यहां मृत बच्चों को दफनाया जाता है। लोगों ने परेशानी बताकर कब्जे को हटाने की मांग की। भाई वालूराम पर भी आरोप है कि उसने राजस्व रिकार्ड के मुताबिक बिलानाम रास्ते की जमीन पर आलीशान मकान खड़ा कर दिया है। निर्माण की शुरूआत करने के दौरान ही पंचायत ने नोटिस दिए। लेकिन वालूराम उसके परिवार ने नोटिस लेने से मना कर दिया। आरोप है कि रेवेन्यू विभाग की अनदेखी के चलते मकान का पूरा ढांचा खड़ा हो गया है।
^मेरे पास खमनोर तहसील का अतिरिक्त चार्ज है। इसलिए पूर्व प्रमुख उनके भाई की अतिक्रमण तथा निर्माण संबंधी ऐसी कोई शिकायत मेरे ध्यान में नहीं आई है। मैं सोमवार को ही इसका पता कर पूरे मामले की जांच करवा लेता हूं। जांच में जो भी सामने आएगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। सोहनलालशर्मा, तहसीलदार, नाथद्वारा-खमनोर
निर्माण तोड़कर दिखाए, फिर हम छेड़ेंगे अभियान : पूर्व प्रमुख
^पूरेगांव में 40 बीघा जमीन हैं। अधिकांश पर लोगों ने अतिक्रमण कर रखे हैं। मेरा नहीं मेरे बेटे राजू का है। मेरा हो तो भी क्या है। मेरे भाई का मकान खातेदारी में है। बिलानाम में तो थोड़ा हिस्सा रहा है। खुद सरपंच ने भी तो बिलानाम पर दुकानें बना रखी है। उसका मकान भी आबादी में नहीं है। उसको जो करना है, वह करता रहे। अभी हम देख रहे हैं। निर्माण गिरा दे तो फिर हम अभियान छेड़ेंगे। किशनलालगमेती, पूर्व जिला प्रमुख
पंचायत अवैध निर्माण तोड़ेगी : सरपंच
पंचायतने कई बार नोटिस दिए, लेकिन वालू गमेती ने नहीं लिए। बेझिझक निर्माण जारी रखा। उसे अपने भाई का साथ मिल रहा है। पंचायत से निर्माण की स्वीकृति भी नहीं ली है। पूर्व जिला प्रमुख ने खुद एक बीघा सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है। इसकी शिकायत पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पंचायत प्रमुख के भाई के अवैध निर्माण को तोडऩे की कार्रवाई करेगी।
प्रभुलाल गुर्जर, सरपंच भैंसाकमेड़
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व जिला प्रमुख के भाई वालूराम ने मकान की पूर्वी दिशा में आम सड़क की ओर चार दुकानें भी बना दी है। पंचायत से निर्माण के संबंध में कोई स्वीकृति भी नहीं ली। यहां पास से होकर गुजर रहा बिजली का खंभा मकान की छत के छज्जे में चुन दिया गया है। सरपंच का कहना है कि यह जमीन रेवेन्यू रिकार्ड के खसरा नंबर 858 में बिलानाम, गैर काबिल काश्त में मगरी रास्ता के रूप में दर्ज है।
खमनोर। नोटिस चस्पा करते हुए।
खमनोर। उसरवास में पूर्व प्रमुख के भाई का निर्माणाधीन मकान, जिसे बिना पंचायत की स्वीकृति रास्ते की जमीन पर अवैध रूप से बनाने का आरोप है।