- Hindi News
- परिवार से ठुकराई वृद्धा का वृद्धाश्रम ने करवाया अंतिम संस्कार
परिवार से ठुकराई वृद्धा का वृद्धाश्रम ने करवाया अंतिम संस्कार
राजसमंद| जावदगांव में रहने वाली वृद्धा का अंतिम संस्कार करवाने परिवार के लोग आगे नहीं आए तो वृद्धाश्रम द्वारा अंतिम संस्कार करवाया गया। जावद गांव की इस वृद्धा काे परिवार वालों ने ठुकरा दिया था। इसके बाद वह वृद्धाश्रम में रह रही थी। गत दिवस उसका निधन हो गया था।
जावद निवासी डालीबाई (70) प|ी औंकार पालीवाल को पिछले माह 23 अगस्त को झालों की मदार पीहर पक्ष के लोगों ने घर से निकाल दिया था। वृद्धा बीमार थी, इस पर पिछले एक माह से उसका उपचार नाथद्वारा अस्पताल में श्रीजी परिवार वृद्धाश्रम की देखरेख में करवाया जा रहा था। 17 सितम्बर को वृद्धा डाली बाई को अस्पताल से छुट्टी दी थी। लेकिन वृद्धा को पीहर ससुराल वालों ने अपने साथ रखने से मना कर दिया। इसके बाद उसे धोइंदा वृद्धाश्रम लाया गया। उसका शनिवार को निधन हो गया था। वृद्धाश्रम ने पुलिस की सहायता से जावद निवासी ससुराल वालों को सूचित किया। लेकिन उन्होंने वृद्धा का शव लेने से इनकार कर दिया था। इस पर वृद्धा का अंतिम संस्कार भी वृद्धाश्रम द्वारा ही करने का निर्णय लिया गया।
मोक्षरथ में वृद्धा की अर्थी सजाई गई। अंतिमयात्रा धोइंदा स्थित वृद्धाश्रम से रवाना होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए राजनगर मोक्षधाम पहुंची। जहां श्रीजी परिवार के दिनेश सनाढ्य, यश जोशी, मुकुल दवे, गोपाल खंडेलवाल वृद्धाश्रम के सदस्यों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
राजसमंद। जावद की वृद्धा की अंतिम यात्रा श्रीजी परिवार वृद्धाश्रम द्वारा निकाली।