- Hindi News
- जाने कब आएगा नहरी पानी, फिलहाल लगाएंगे 33 करोड़ के आरओ प्लांट
जाने कब आएगा नहरी पानी, फिलहाल लगाएंगे 33 करोड़ के आरओ प्लांट
जिले में नहरी पानी लोगों को जाने कब नसीब होगा, इसको लेकर समय सीमा तय नहीं है। इससे पहले फ्लोराइडयुक्त पानी से मुक्ति दिलाने के लिए सरकार 160 स्थानों पर आरओ प्लांट लगाने की तैयारी कर रही है। इन आरओ प्लांट को लगाने में 33 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। उम्मीद है कि करीब 3 लाख लोगों को इस आरओ प्लांट से फ्लोराइडमुक्त पानी मिलेगा।
पिछले सप्ताह स्टेट लेवल स्कीम सैंक्शन कमेटी की जयपुर में हुई बैठक में जिले से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। इनमें 15 मकराना, 25 डेगाना बाकी लाडनूं और आस पास के क्षेत्रों में कुल 52 नए आरओ प्लांट लगाए जाने की स्वीकृति मिली। इसके लिए 11 करोड़ रुपए का बजट तय हुआ है। इससे पहले 23 जून की बैठक में 108 नए आरओ स्वीकृत हो चुके हैं। इस प्रकार कुल 160 नए आरओ के लिए 33 करोड़ रुपए मिलेंगे। इससे पूर्व में भी जिले में 140 नए आरओ बनाए गए थे। जिनमें से वर्तमान में लगभग 125 में जलापूर्ति हो रही है। यह सभी उन ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए गए हैं जहां आगामी दो साल तक नहरी पानी के पहुंचने की उम्मीद नहीं है। एक आरओ प्लांट की कीमत लगभग 21 लाख रुपए आती है। हालांकि 3 सितंबर की बैठक में जलदाय विभाग की और से लाडनूं, डीडवाना, मेड़ता, डेगाना नावां सहित पांच शहरी क्षेत्रों में भी आरओ प्लांट्स लगाने का प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन यह सेक्शन नहीं हुआ।
95गांव ढाणियों के लिए अलग से 10 करोड़
जिलेकी 95 गांव ढाणियों में काफी समय से पेयजल को लेकर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसके लिए जलदाय विभाग की ओर से सर्वे करवाकर इनको चिन्हित किया गया। 3 सितंबर की बैठक में 95 गांव ढाणियों में 37 नई जल योजनाएं स्वीकृत हुई। इनमें कहीं पुरानी पेयजल पाइप लाइन बदलने, नई लगाने, नई ट्यूबवेल खोदने, पुरानी काे दुरुस्त करने, नई टंकियां बनाने, टांके बनाने सहित कार्य किए जाएंगे। पीएचईडी एक्सईएन महेश जांगिड़ ने बताया कि इन गांवों के लिए 10 करोड़ 25 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
सबसेज्यादा बजट यहां
लाडनूंकी ध्यावा ग्राम पंचायत में 1 करोड़ 19 लाख रुपए, बोरावड़ के लिए एक करोड़, जाखली के लिए 99 लाख, कलरू के लिए 32 लाख रुपए के बड़े पेयजल कार्य होंगे। इसके साथ चाऊ, डेगाना, मकराना के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करवाए जाएंगे। यह सारे कार्य मार्च 2015 तक पूरे करवाने हैं।