नया जिला बनेगा तो सिर्फ कुचामन बनेगा : चौधरी
भास्कर संवाददाता | कुचामनसिटी
प्रदेशमें नया जिला बना और नागौर का विभाजन हुआ तो नया जिला कुचामन ही बनेगा।’ यह कहना है विधायक विजयसिंह चौधरी का। जिला बनाओ संयुक्त संघर्ष समिति की रविवार को विकास भवन स्थित बोम्बे हॉल में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि यूनुस खान भले ही मंत्री है पहले वो भी विधायक है और मैं भी विधायक हूं। मंत्री और मुख्यमंत्री भी विधायकों में से ही बनते हैं। विधायक चौधरी ने कहा कि मकराना और परबतसर विधायकों के समर्थन के बाद वे सांसद सीआर चौधरी को शामिल कर प्रतिनिधिमंडल के रूप में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से मुलाकात कर जिला बनाने की पुरजोर मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि नावां, मकराना, परबतसर और कुचामन के बीच में नारायणपुरा को जिला मुख्यालय बनाए जाने की मांग तर्कसंगत है और सरकार को यह मांग माननी ही होगी। पालिकाध्यक्ष हरीश कुमावत ने कहा कि पूर्व में भी इस मांग को लेकर आंदोलन किया गया था। अब कुचामन रेलवे स्टेशन यानी नारायणपुरा को केंद्र में रखकर आंदोलन चलाया जाना जरूरी है। इस दौरान विभिन्न वक्ताओं ने कुचामन को जिला बनाए जाने के पक्ष में विभिन्न तर्क दिए। वक्ताओं का कहना था कि नागौर जिले में कुचामन ही ऐसा शहर है जिसके विकास को देखते हुए जिला बनाए जाने की योग्यता नजर आती हैं। बैठक को विकास समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा, कार्यकारी अध्यक्ष नटवरलाल बक्ता, प्रधान कैलाश मेघवाल, पालिका प्रतिपक्ष नेता हेमराज चावला, निजी शिक्षण संस्थान सोसायटी अध्यक्ष गोविंदराम शेषमा, मोहनलाल सोनी, ज्ञानाराम रणवां, सरपंच संघ अध्यक्ष लालाराम अणदा, कांग्रेस नेता दशरथसिंह बेगसर, श्यामसुंदर मंत्री, पार्षद बरखारानी जैन, ललिता वर्मा आदि ने भी संबोधित किया।
18 को होगी आमसभा, मंथन के बाद स्थान के रूप में नारायणपुरा का चयन: बैठकमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 18 फरवरी को कुचामन रेलवे स्टेशन (नारायणपुरा) के निकट एक आम सभा का आयोजन किया जाएगा। इससे पूर्व आमसभा का स्थान शहर के रोडवेज बस स्टैंड को तय किया गया था। बाद में उपस्थितजनों के सुझाव पर मंथन करने के बाद नारायणपुरा तिराहे स्थित मारवाड़ कॉलेज में आमसभा का निर्णय किया गया। जिसमें कुचामन समेत नावां, मकराना, परबतसर उपखंड क्षेत्रों के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लोग शामिल होंगे। आमसभा में शक्ति प्रदर्शन कर आंदोलन को तेज किया जाएगा।
कुचामन सिटी. जिलाबनाओ फेसबुक पेज लांच करते पालिकाध्यक्ष अन्य।
बस स्टैंड पर स्थापित होगा फील्ड कार्यालय: बैठकमें यह भी निर्णय लिया गया कि शहर के रोडवेज बस स्टैंड पर 18 फरवरी को जिला बनाओ संयुक्त संघर्ष समिति का फील्ड कार्यालय शुरू किया जाएगा। जिसमें प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियों धरना-प्रदर्शन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विभिन्नसमितियों का गठन कर सौंपी जिम्मेदारियां : ज्ञानारामरणवां संघर्ष समिति की बागडोर संभालेंगे। वहीं सरपंच संघ अध्यक्ष लालाराम अणदा, कैलाश मेघवाल, दातारसिंह घाटवा ग्रामीण क्षेत्र में जनसंपर्क करेंगे। मोहनलाल सोनी, प्रतिपक्ष नेता हेमराज चावला, चतुर्भुज शर्मा, मोहम्मद शकील, दौलत खां एडवोकेट बस स्टैंड पर फील्ड कार्यालय का संचालन करेंगे। गोविंदराम शेषमा शैक्षणिक संस्थाओं का नेतृत्व करेंगे। जबकि नटवरलाल बक्ता प्रशासनिक व्यवस्था प्रमुख श्यामसुंदर मंत्री वित्त व्यवस्था के साथ ही राजनीतिज्ञों से संपर्क करेंगे।
आंदोलनके लिए बैठक में जुटाई धनराशि: जिलाबनाओ अभियान को लेकर बैठक के दौरान ही धनराशि जुटाने की शुरुआत की गई। इसमें गोविंदराम शेषमा ने निजी शिक्षण संस्थान सोसायटी की ओर से 51000, ज्ञानाराम रणवां ने जाट समाज की ओर से 51000, कुचामन विकास समिति ने 21000, वैद्य श्यामस्वरूप गौड़ ने 11000, दशरथ सिंह बेगसर ने 11000 और हाकम अली खान ने 5000 रुपए के सहयोग की हाथों हाथ घोषणा की। इस दौरान तय हुआ कि आंदोलन से जनमानस को जोड़ने के लिए 100 रुपए के सहयोग से सदस्य बनाए जाएंगे।
लांच किया गया फेसबुक पेज : बैठककेे दौरान पालिकाध्यक्ष हरीश कुमावत समेत मंचासीन लोगों ने अजीत जाखड़ द्वारा जिला बनाने की मांग को लेकर बनाया गया फेसबुक पेज लेपटॉप पर बटन दबाकर लांच किया। उन्होंने अधिकाधिक युवाओं को पेज से जुड़ने की अपील की।
मकराना पूरी करता है जिला बनने की प्राथमिकताएं : राजपुरोहित