नागौर। जिले में स्वाइन फ्लू का कहर बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को इस बीमारी से जिले में तीन मौतें होने के समाचार हैं। दो महिलाओं की मौत स्वाइन फ्लू से होने की पुष्टि की जा चुकी है जबकि एक महिला एक पुरुष की मौत को अभी तक फ्लू से वजह नहीं माना गया है। मूंडवा रेण में तीन लोग गुरुवार को स्वाइन फ्लू पॉजिटिव रोगी के रूप में सामने आए हैं। इनका जोधपुर अजमेर में इलाज चल रहा है।
नावां सिटी के खारड़ा कला निवासी हंसा की जयपुर में बुधवार देर रात मौत हो गई। कुचेरा के ढाढरिया खुर्द की रहने वाली सीता की जोधपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। जयपुर के निजी अस्पताल में भर्ती हंसा ने बुधवार की देर रात को अंतिम सांस ली। खारड़ा कला निवासी हंसा उम्र 20 वर्ष को पिछले कुछ दिनों से बुखार था। उसने इलाज भी लिया मगर तबीयत में सुधार नहीं हुआ।
उसे जयपुर के लिए रैफर किया गया। हंसा के पति मोहनलाल ने बताया कि हंसा को जयपुर के सवाईमानसिंह अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। वहां पर डाक्टरों ने हंसा की जांच तो की और वार्ड में भी भेजा।
लेकिन वार्ड में जाते ही कह दिया गया कि जगह नहीं है भर्ती नहीं कर सकते। मजबूरन हंसा को जयपुर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां पर हंसा की लगातार हालत बिगड़ने के चलते वेंटिलेटर पर रखा गया। आठ दिनों तक वेंटिलेटर पर रखने के बाद बुधवार देर रात हंसा ने अंतिम सांस ली।