नगर पालिका
जांच कमेटी द्वारा होनी चाहिए
घटिया निर्माण, फिर भी नहीं होती है जांच
ठेकेदार बीएसआर रेट से 30-40 प्रतिशत कम दर पर करते काम, काम की गुणवत्ता पर सवाल
नवलगढ़ | नगरपालिकामें ठेकेदार आपसी प्रतिस्पर्धा के चलते बीएसआर (बेसिक शिड्यूल ऑफ रेट) रेट से 30-40 प्रतिशत कम दर पर काम कर रहे हैं। इस रेट से पालिका की बल्ले-बल्ले हो रही है, लेकिन निर्माण कार्य या तो गलत हो रहे हैं या घटिया हो रहे हैं। क्योंकि नीची दरों पर टेंडर लेने वाले सही काम कैसे करेंगे, इस पर सवाल बना रहता है।
पालिका प्रशासन ऐसे कार्यों के बिल पास करने से पहले उनकी गुणवत्ता की पूरी जांच नहीं कर रहा है। हालांकि पालिकाध्यक्ष सुरेंद्र सैनी ठेकेदारों को बढ़िया क्वालिटी का काम करने के निर्देश दे रहे हैं, लेकिन फिर भी अभी तक इस दिशा में कोई ठोस प्रस्ताव तैयार नहीं किया गया है। पालिका क्षेत्र में अधिकांश काम 30 से 40 प्रतिशत कम रेट पर हो रहे हैं। पालिका प्रशासन भी अपने फायदे के लिए 35 से 40 प्रतिशत तक कम बीएसआर दरों पर काम कराने की मंजूरी दे रहा है। इससे सवाल यह भी खड़ा होता है कि या तो बीएसआर में आयटमों की रेट गलत है (जरूरत से ज्यादा), जिसे जानबूझकर नहीं बदला जा रहा है, या फिर कम दरों में काम लेकर गुणवत्ता से समझौता हो रहा है। कम बीएसआर दरों पर काम लेने वालों की गुणवत्ता तय करना जरूरी है।
बड़ा सवाल यह है कि जिस काम के लिए सरकार कम से कम सौ रुपए खर्च का प्लान बनाती है वही काम 50 रुपए में कैसे पूरा होगा। कम रेट पर होने वाले कामों की जांच भी उच्च स्तर पर नहीं हो पाती है, जिसके कारण बिल पास हो जाते हैं। लोगों ने मांग की है कि नीची रेट पर होने वालों कामों की जांच उच्च स्तर पर होनी चाहिए, ताकि लोगों को बढ़िया क्वालिटी का काम मिल सके।
लोगों का आरोप है कि ठेकेदार बीएसआर से कम रेट पर ठेका लेते हैं। इससे काम की क्वालिटी ठीक नहीं रहती। फिर भी पालिका प्रशासन बीएसआर से कम रेट पर ठेका लेने पर अंतर की राशि की बैंक गारंटी नहीं लेता है। काम घटिया पाए जाने पर बैंक गारंटी जब्त की जा सकती है। हालांकि पालिका प्रशासन ठेकेदार से कम दर प्रस्तुत करने कुल अनुमानित राशि की 10 प्रतिशत राशि बतौर प्रतिभूति राशि जमा ली जाती है।
^आगे से होने वाले टेंडर में काम की जितनी नीची रेट जाएगी, उतनी प्रतिशत राशि नगरपालिका में जमा ली जाएगी। काम पूरा होने पर यह राशि प्रदान कर दी जाएगी। इसके अलावा काम की गुणवत्ता सुधारने के लिए पार्षदों को जागरूक किया जा रहा है। पार्षद कार्य की जी शिड्यूल कॉपी पालिका से ले सकते हैं। पार्षद अगर बढ़िया गुणवत्ता का काम करवाएंगे तो ठेकेदार कम रेट पर काम नहीं लेंगे। नवनीतकुमार, ईओ नगरपालिका नवलगढ़