(बैंक के सीसी टीवी से जारी फुटेज)
नवलगढ़| बैंक से 1.80 लाख रुपए लेकर जाते किसान का थैला काटकर किसी ने रकम पार कर दी। वारदात के बाद पुलिस ने नाकाबंदी भी की लेकिन उचक्के पकड़ में नहीं आए। जानकारी के अनुसार सिंगनौर के नंदलाल धाबाई ने शुक्रवार दोपहर बीओबी बैंक से 1.80 लाख रुपए निकाले। उन्होंने यह रकम एक थैले में डाली और उसे दूसरे बड़े थैले में रख लिया।
इसके बाद नंदलाल ने सब्जी जाकर सब्जी खरीदी और चूणा चौक से गांव जाने के लिए बस में सवार हो गया। बस में उसने थैला संभाला तो चीरा लगा देखा। अंदर से रुपयों वाला थैला भी गायब था। वह थाने पहुंचा और डीएसपी दिलीप सैनी को आपबीती सुनाई। डीएसपी तुरंत बैंक पहुंचे और संदिग्धों के फुटेज जुटाए।
जांच में सामने आया कि दो युवक संदिग्ध अवस्था में बैंक में घूम रहे थे। पुलिस को उन्हीं दोनों युवकों पर शक है। बाजार में काफी पूछताछ भी की लेकिन उन युवकों का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा।