ब्रांच पर ताला, निवेशक चिंतित
पीरूसिंहसर्किल पर स्थित एक निवेशक कंपनी की पॉलिसी की किस्त जमा कराने पहुंचे ग्राहक बुधवार को ब्रांच कार्यालय पर ताला लगा देख चिंतित हो गए। आस पास में पूछताछ करने पर उन्हें पता चला कि पंद्रह दिन से यह ऑफिस बंद है।
रुपए डूबने की आशंका से लोग निवेशक कंपनी पीएसीएल कार्यालय के बाहर जमा होने लगे। ब्रांच मैनेजर कर्मचारियों से फोन पर बात करने का प्रयास किया लेकिन फोन नहीं लगा। ग्राहकों का आरोप है कि कंपनी ने मार्च 2013 से भुगतान नहीं किया है। जबकि किस्त बराबर जमा हो रही है। बलवंतपुरा (नवलगढ़) के करणसिंह ने बताया कि साढ़े पांच साल की पॉलिसी ले रखी है। यह अगले साल फरवरी में पूरी होनी है। इसकी आखिरी किस्त जमा करवाने आया था। पता चला कि कार्यालय पंद्रह दिन से बंद पड़ा है। कर्मचारियों ने भी फोन उठाना बंद कर दिया है। भीमसर के सुरेश सैन, एजेंट राकेश कुमार, प्रकाशचंद्र आदि भी इसको लेकर चिंतित हैँ। एजेंट श्रवण कुमार के अनुसार उसके मार्फत करोड़ों रुपए जमा हुए हैं। अधिकारियों से बात करने पर उन्होंने बीस तारीख के बाद भुगतान करने के लिए बताया है।
झुंझुनूं. पीरूसिंहसर्किल स्थित शाखा कार्यालय पर लगा ताला और निवेशक।