सूचना के अधिकार की तरह जवाबदेही कानून हो
खिरोड़ | बसावागांव में गुरूवार शाम सात बजे जवाबदेही यात्रा पहुंची। बस स्टेंड पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए संयोजक डॉ. निखिल डे ने कहा कि जैसे सूचना का अधिकार है वैसे ही जवाबदेही कानून भी होना चाहिए। जिससे भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के साथ काम समय पर हो सके। आज देश की तरक्की को भ्रष्टाचार ही रोक रहा है, मगर जब जवाबदेही कानून होगा तो भ्रष्टाचार युक्त कार्य नहीं होंगे। सातवें वेतन आयोग के लागू होने के बाद अधिकारी एवं कर्मचारियों का वेतन तो बढ़ जाएगा, लेकिन काम नहीं होगा। इन्हें जितना वेतन मिल रहा है। उतना काम तो करें। हर कर्मचारी का काम के प्रति एक जवाबदेही नजरिया होना चाहिए। क्षेत्र के हो रहे भूमि अधिग्रहण के मामले में कहा कि सीमेंट प्लांट लगेगा तो क्षेत्र में काम नहीं विनाश होगा। डे ने किसानों से क्षेत्र के भूमि अधिग्रहण की संपूर्ण जानकारी भी ली। सभा को संबोधित करते हुए मजदूर किसान शक्ति संगठन के शंकर सिंह ने कहा कि सरकार का हर वर्ग हर विभाग भ्रष्टाचार में लिप्त है। आप लोगों को यात्रा से जुड़ने को कहा ताकी समय पर सहयोग मिल सके। कैलाश यादव ने बताया कि शुक्रवार को डॉ. डे गोठड़ा गांव में किसानों की सभा लेंगे। इसके बाद यात्रा नवलगढ़ होते हुए झुंझुनूं पहुंचेगी। इस दौरान कैप्टन दीपसिंह, डिजिटल एंपावरमेंट के जिला टेक्नोलॉजी प्रबंधक शिशिर पुरोहित, मुकेश गोस्वामी, कैलाशचंद्र, विष्णुकांत, अमित कुमार, भागीरथमल, नवरंगलाल आदि मौजूद थे।