नवलगढ़ पालिका में 39.57 करोड़ रुपए का बजट पारित
गैर आबादी में भी कनेक्शन दिलाने के होंगे प्रयास
नगरपालिकाकी बजट की बैठक गुरुवार को पालिकाध्यक्ष सुरेंद्र सैनी की अध्यक्षता में हुई। सहायक लेखाधिकारी जेपी सैनी ने वर्ष 2016 को प्रस्तावित बजट पढ़कर सुनाया। सर्वसम्मति से 3957.5लाख का बजट पारित कर दिया। ईओ नवनीत कुमार ने गत मीटिंग की पुष्टि की। इस मौके पर विधायक डॉ. राजकुमार शर्मा ने कहा कि पार्षद अपने वार्ड में होने वाले विकास कार्यों पर निगरानी रखे, बढ़िया क्वालिटी का काम करवाने की जिम्मेदारी पार्षद की है। अगर काम घटिया पाया जाता है तो काम तुरंत बंद करवा दें। उन्होंने इस बात पर गहरी नाराजगी जताई की पालिका के पास बनने वाली टंकियों ट्यूबवैलों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने जेईएन सुमित वर्मा को स्कीम के प्रारूप की कॉपी पार्षदों को देने के निर्देश दिए। उन्होंने सीवरेज योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पार्षदों से आग्रह किया कि पार्षद सड़कें बनाने पर कम ध्यान दें, क्योंकि सीवरेज का काम शुरू होने पर सड़कें तोड़ी जाएंगी। इससे पालिका को नुकसान होगा। पार्षद जेपी सैनी ने भी पालिका क्षेत्र में बीपीएल कार्डधारकों के घरों के सामने नेम प्लेट लगाने, पेंशन प्रकरण निपटाने वार्ड एक में सेटेलाइट अस्पताल से सेठ की ढाणी होते हुए स्टेट हाइवे तक डामर सड़क बनाने की मांग की। उधर, उदयपुरवाटी नगरपालिका मंडल की चेयरमैन पुष्पा सैनी की अध्यक्षता में हुई बजट बैठक में 28.88 करोड़ का बजट पारित किया गया।
पालिका मीटिंग में सीवरेज योजना से जुड़ी पूरी जानकारी पटल पर रखी गई। विधायक डा. शर्मा ने बताया कि प्रथम चरण की योजना में 5.27वर्ग किलोमीटर का एरिया शामिल किया गया है। कुल नौ जोन बनाए गए है। 88.65 किमी सीवरेज पाइप लाईन डाली जाएगी। बकरा मंडी स्वामियों के जाव में पंपिंग स्टेशन बनेंगे। यहां पर पार्क भी डवलप किया जाएगा। भगतों के जोहड़, डेहराना, ज्योति होटल के सामने, रोडवेज बस डीपो के पीछे न्यारियों के जाव में ट्रीटमेंट प्लांट बनेंगे। सीवरेज योजना 161.67 करोड़ रुपए की मंजूर की गई है।
नवलगढ़. पालिका मीटिंग में भाग लेते विधायक डा. शर्मा चेयरमैन सैनी।