नीमकाथाना (सीकर)। खाद्य सुरक्षा, अंत्योदय व बीपीएल परिवारों को रियायती दर पर मिलने वाला राशन का स्टॉक खराब आने से लोगों ने पार्षद के नेतृत्व में विरोध दर्ज कराया तो डीलरों ने ट्रक में आया स्टॉक लौटा दिया। रसद विभाग ने ट्रक में भरे स्टॉक को क्रय विक्रय सहकारी समिति के गोदाम में खाली कराया है।
सप्लाई के लिए छावनी इलाके में पहुंचे गेहूं के स्टाॅक को पार्षद गीगाराम सैनी व लोग खाने योग्य नहीं बता रहे हैं। डीलरों ने भी ट्रक में भरे गेहूं के स्टॉक में अधिकांश बोरी खराब व बरसात में भीगी हुई बताया। डीलरों ने बताया कि एफसीआई गोदाम में खुले में पड़ा अनाज बरसात के कारण खराब हो जाता है। इसे राशन डीलरों के यहां सप्लाई होने वाले गेहूं के स्टॉक में भेज दिया जाता है। मंगलवार को डीलर के यहां ट्रक से बोरियों को उतारा जा रहा था। इस दौरान नमूने देखने पर लोग भड़क गए। पार्षद गीगाराम सैनी के नेतृत्व में लोगों ने घटिया गेहूं सप्लाई आने की शिकायत दर्ज कराई। मामला बढ़ा तो अधिकारियों ने गेहूं का स्टॉक वापस करने का भरोसा दिलाया।