पानी के लिए प्रदर्शन, सरपंच को सेवा केंद्र में बंद किया, जाम लगाया
पेयजल की समस्या को लेकर शनिवार को भूदोली के ग्रामीणों ने रास्ता जामकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित महिलाओं ने सरपंच प्रमोद वर्मा को अटल सेवा केंद्र में बंद कर दिया। महिलाओं ने मटके भी फोड़े। प्रदर्शनकारी महिलाएं करीब चार घंटे तक पानी की मांग करती रही। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ।
सूचना पर जलदाय विभाग के एईएन आरके चाहिल सदर थानाधिकारी राजेंद्र रावत मौके पर पहुंचे। विभाग के अधिकारियों ने 10 दिनों में पेयजल की समस्या को दूर करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद मामला शांत हुआ। करीब तीन घंटे बाद जाम हटाया गया। इस दौरान प्रदर्शन में शामिल लोगों ने जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के मुताबिक भूदोली में कई दिनों से पेयजल संकट है। यहां की ट्यूबवैलों का पानी गहरा गया है। ऐसे में ग्रामीण पानी के लिए दर-दर भटकते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पिछले 10 दिन से पानी की सप्लाई बाधित है। शनिवार को पानी की समस्या को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं के साथ अटल सेवा केंद्र पहुंचे। यहां सरपंच नहीं मिलने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच अटल सेवा केंद्र में नहीं मिलते हैं और ही फोन रिसीव करते हैं। ऐसे में गांव की समस्या किसे कहें। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर डालकर जाम लगा दिया। इस दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
ठेके की ट्यूबवैल से लाते हैं पानी
ग्रामीणपानी खरीद कर पीने को मजबूर हैं। गांव में केवल एक ट्यूबवैल है, जो शराब के ठेके के पास है। इससे महिलाओं को असुरक्षा का डर रहता है। अधिकांश लोग वहीं से पानी लाते है। टैंकर वाले भी मनमर्जी से पानी के रुपए वसूलते हैं। एक टैंकर के 300 रुपए तक देने पड़ते हैं। इधर, सरपंच प्रमोद वर्मा का कहना है कि उन्होंने जलदाय विभाग को कई बार लिखा, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
नीमकाथाना. भूदोली में पानी की समस्या को लेकर रोड पर जाम लगाती महिलाएं और मौके पर फोड़े गए मटके।