- Hindi News
- तीन सोनोग्राफी सेंटरों पर छापे, रिकाॅर्ड जांचा
तीन सोनोग्राफी सेंटरों पर छापे, रिकाॅर्ड जांचा
चिकित्साएवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को नीमकाथाना स्थित तीन सोनोग्राफी सेंटरों पर छापे मारे गए। इस दौरान सेंटरों के रिकाॅर्ड की जांच की गई। वहीं संचालकों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी हासिल की गई। चिकित्सा विभाग की टीम को देखकर संचालकों में हड़कंप मच गया।
सीएमएचओ डॉक्टर रतन मोदी ने बताया कि कार्रवाई विभाग के टोलफ्री नंबर 104 पर की गई शिकायत को ध्यान में रखते हुए की गई है। इसी के तहत अग्रवाल सोनोग्राफी सेंटर, राजस्थान जीवन सोनोग्राफी सेंटरों का निरीक्षण किया गया लेकिन मौके पर रिकाॅर्ड सही पाया गया है। शिकायत करने वाले को बुलाकर उससे पूछताछ की जाएगी कि आखिर किन तथ्यों के आधार पर शिकायत दी गई है। आगामी जांच उसी के आधार पर की जाएगी। यदि तथ्य मिलते हैं तो सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई होगी। सीएमएचओ डॉ. मोदी के अनुसार इससे पहले चिकित्सा व्यवस्था सुविधाओं की स्थिति जानने के लिए कांवट थोई स्थित सीएचसी का निरीक्षण भी किया गया। जहां स्टाफ को व्यवस्थाओं में और सुधार के लिए पाबंद किया गया। उल्लेखनीय है कि टोलफ्री नंबर पर शिकायत होने के बाद नीमकाथाना के एक सोनोग्राफी सेंटर का रिकाॅर्ड पहले ही जब्त किया जा चुका है।
नीमकाथाना. शुक्रवार को टीम ने कई स्थानों पर जांच की।