पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • शटल होलीडे का क्रॉसिंग नहीं होने पर किया प्रदर्शन

शटल होलीडे का क्रॉसिंग नहीं होने पर किया प्रदर्शन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रींगस. रेवाड़ीसे फुलेरा जाने वाली गाड़ी नं. 59716 शटल चूरू से जयपुर जाने वाली गाड़ी नं. 02082 होलीडे का शनिवार को क्रॉसिंग नहीं होने पर यात्रियों ने रेलवे स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन कर उच्चाधिकारियों से क्रॉसिंग की मांग की।

रेलवे स्टेशन अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। प्रकरण के अनुसार शटल का रींगस रेलवे स्टेशन पहुंचने का समय सुबह सात बजकर 58 मिनट है तथा होलीडे का सात बजकर 45 मिनट है और रवानगी आठ बजकर पांच मिनट पर है। दो दिन से शटल के विलंब से आने पर दोनों गाड़ियों का क्रॉसिंग नहीं हो पाया। इस पर यात्रियों ने आक्रोश जताते हुए रेलवे स्टेशन के अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई। यात्रियों के विरोध को देखकर आरपीएफ जीआरपी का जाब्ता तैनात किया गया। मौके पर मौजूद रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से समझाइश करते हुए बताया कि आपकी जो भी समस्या है, शिकायत पुस्तिका में दर्ज करवा दो, उच्चाधिकारियों को भेज दिया जाएगा। शटल में आए यात्री अब्दुल खलील, रामसिंह सहित 34 जनों ने शिकायत पुस्तिका में दर्ज करवाया है कि क्रॉसिंग ट्रेन को समय से पूर्व रवाना कर दिया गया। इससे सैकड़ों यात्रियों को परेशान होना पड़ता है। यात्री रेवाड़ी नीमकाथाना आदि स्टेशनों से जयपुर की टिकट लेकर आते हैं और ट्रेन नहीं मिलने पर उन्हें बस निजी वाहन का सहारा लेना पड़ता है। उन्हें टिकट की राशि भी वापस नहीं दी जाती है।

रेलवे स्टेशन अधीक्षक गौरीशंकर मीणा ने बताया कि दोनों गाड़ियों का क्रॉसिंग निर्धारित नहीं है फिर भी 10-20 मिनट का अंतराल होता है तो क्रॉसिंग करवाने की पूरी कोशिश करते हैं। आज शटल आधा घंटा विलंब से थी। ऐसे में चूरू से जयपुर जाने वाली रेलगाड़ी के यात्री भी गाड़ी को निर्धारित समय से रवाना करवाने की मांग कर रहे थे। यात्रियों की शिकायत से उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया था। कार्रवाई के लिए अलग से डीआरएम कार्यालय जयपुर के सीनियर डीसीएम को पत्र भी लिखा गया है।

रींगस. रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन करते यात्री, समझाइश करते रेलवे अधिकारी।