सीकर। भाजपा सरकार को एक साल पूरा होने पर जयपुर में आयोजित रैली में सीकर जिले से 15 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल हुए। अलग अलग विधानसभा वार कार्यकर्ता बसों और निजी वाहनों से रैली में पहुंचे। सीकर से कार्यकर्ता कृषि उपज मंडी के पास इक्कठे हुए। यहां से विधायक रतनलाल जलधारी ने कार्यकर्ताओं को रवाना किया।
विधानसभा वार हुई कार्यकर्ताओं की हाजरी : रैली में जाने वाले कार्यकर्ताओं की विधानसभा वार अलग अलग जगह हाजरी हुई। हाजरी के साथ ही इन्हें खाने के पैकेट दिए गए। सीकर विधानसभा के कार्यकर्ताओं को मंढा मोड, धोद कार्यकर्ताओं को रींगस के पास, नीमकाथाना व श्रीमाधोपुर कार्यकर्ताओं को मोज महल व खंडेला कार्यकर्ताओं को गोविंदगढ़ में भोजन पैकेट देते हुए हाजरी ली।
चौमूं पुलिया पर अटक गए : कार्यकर्ताओं की भीड़ के कारण जगह जगह जाम लग गया। सीकर की ओर से आने वाले वाहनों को चौमू पुलिया के पास ही रूकना पड़ा। वाहनों की भवानी निकेतन स्कूल में पार्किंग करवा दी गई। सभा स्थल की दूरी ज्यादा होने के कारण कार्यकर्ता भी यहीं रुक गए। भाजयुमो जिला महामंत्री अशोक चौधरी ने बताया कि पूर्व जिलाध्यक्ष महेश शर्मा, दीपसिंह शेखावत, पार्षद रामेश्वर सैनी, शंकरलाल सहित करीब 500 कार्यकर्ता रैली स्थल पर नहीं पहुंच पाए।
खराब भोजन पैकेट पर जताई नाराजगी : सीकर विधानसभा से रैली में जाने वाले कार्यकर्ताओं को मंढा मोड के पास भोजन पैकेट वितरित किए गए। लेकिन पैकेट में खराब भोजन होने के कारण कार्यकर्ता नाराज हो गए। पार्षदों को जेब से पैसे खर्च करवाकर कार्यकर्ताओं को भोजन करवाना पड़ा। चेजारों का मोहल्ला निवासी कमल कुमार ने बताया कि सब्जी और पूरी लार छोड़ रही थी।