राज्यस्तरीय जवाबदेही यात्रा का स्वागत
नीमकाथाना
नीमकाथाना | राज्यस्तरीय जवाबदेही यात्रा का नीमकाथाना पहुंचने पर कई संगठनों ने स्वागत किया। सूचना एवं रोजगार अभियान राजस्थान द्वारा प्रदेश में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यात्रा शुरू की है। मंगलवार को अलवर से रवाना होकर यात्रा ने हसामपुर से सीकर जिले में प्रवेश किया। हसामपुर, पाटन, बडिया मोड़ पर कई संगठनों के कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के माध्यम से लोगों ने जवाबदेही कानूनों का समर्थन किया। यात्रा समन्वयक निखिल डे लोगों को अभियान के बारे में बताया। छावनी चौक पर हुई सभा में जनांदोलनों के राष्ट्रीय समन्वय समिति राजस्थान के सदस्य कैलाश मीणा, साहित्यकार कैलाश विद्रोही, वकील गोपाललाल शर्मा, मिशन परिवर्तन के कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया। यात्रा दल बुधवार को छावनी धर्मशाला से रवाना होगा।
पाटन| सामाजिकऔर आरटीआई कार्यकर्ता निखिल डे ने मंगलवार को पाटन पहुंची जवाबदेही यात्रा को संबोधित किया। सांवलराम यादव और कैलाश मीणा ने क्षेत्र में खनन और भूमाफिया पर प्रहार करते हुए कहा कि पाटन क्षेत्र में खनन माफिया इतने बेखौफ हो गए हैं कि ट्रकों में कंपनी बाॅडी से ऊपर अलग से बाॅडी लगाकर उससे भी बाहर पत्थर भर कर ले जाते हैं और उन्हें कोई टोकता तक नहीं। इससे पूर्व जिले की सीमा पर हसामपुर में लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। कस्बे के होली चौक पर सभा के बाद डोकन में भी सभा की गई।