- Hindi News
- स्वच्छ भारत सप्ताह के तहत अधिकारियों ने लगाई झाड़ू
स्वच्छ भारत सप्ताह के तहत अधिकारियों ने लगाई झाड़ू
नोहर. स्वच्छभारत सप्ताह के तहत शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर सफाई अभियान चलाया गया। यहां हाई स्कूल के सामने से सफाई अभियान का आगाज एसडीएम सोहनलाल कायल, ईओ पृथ्वीराज जाखड़, प्रधानाचार्य मेघाराम आदि ने झाडू लगाकर किया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि साफ-सफाई का जीवन में महत्वपूर्ण स्थान होता है। प्रदूषित वातावरण और गंदगी से अनेक बीमारियां घर करती है वहीं स्वच्छता से हमें इनसे मुक्ति मिलती है। स्वच्छ व्यक्ति का समाज में अलग ही स्थान होता है। एसडीएम सोहनलाल कायल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस अभिनव पहल में क्षेत्र की सामाजिक, व्यापारिक स्वयंसेवी संस्थाओं को अपनी भागीदारी निभाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर ही इस अभियान को सफल बना सकते हैं। पालिका ईओ पृथ्वीराज जाखड़ ने नागरिकों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालकर अपने आस-पास के वातावरण को स्वच्छ साफ सुथरा रखने की अपील की। इसके अलावा आयोजित कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष बाबूलाल खाती, भूतपूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र चाचाण, पार्षद महावीर गोठड़ीवाल, शरीफ मोहम्मद, सतीश सोनी, सुरेंद्र सैनी, अदरीश अली, ओमप्रकाश चौधरी, मोडूराम शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे। इसके अलावा लायंस क्लब नोहर वैलकम भी स्वच्छ भारत सप्ताह अभियान में अपनी भागीदारी निभाएगा। क्लब अध्यक्ष अमित चाचाण ने बताया कि क्लब की ओर से उपखंड प्रशासन नगर पालिका के साथ मिलकर शहर में जनजागृति रैली निकाली जाएगी। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों में विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। चाचाण ने बताया कि सप्ताह के तहत स्वच्छ नोहर, स्वस्थ नोहर हरा-भरा नोहर स्लोगन पर कार्य किया जाएगा।