- Hindi News
- सड़क के बीच में लगे ट्रांसफार्मर से हादसे की आशंका
सड़क के बीच में लगे ट्रांसफार्मर से हादसे की आशंका
गांवसे चक 9 केएनएन जाने वाली संपर्क सड़क पर गांव के हेड वाटर वर्क्स के मुख्यद्वार के सामने सड़क के बीचों-बीच लगा उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर दुर्घटना को आमंत्रित कर रहा है। ग्रामीण हंसराज कुहाड़, जीतराम सीला, कृष्ण गरूवा, दयाराम मेहरा आदि ने बताया कि सड़क के बीच लगे ट्रांसफार्मर से हर समय बड़ा हादसा होने का भय रहता है। मल्लेकां वाया नोहर रूट पर चलने वाली निजी बस इसी रास्ते से गुजरती है। कंडक्टर नीचे उतर कर बस को बड़ी मुश्किल से यहां से निकलवाता है। ढीले तारों से बस की छत पर बैठी सवारियों को खतरा रहता हैं। ट्रांसफार्मर के कारण भारी वाहन इस मार्ग से नहीं जा सकते और अन्य रास्तों से गुजरते हैं। लाईन के फ्यूज पोल पर इतने नीचे लगे हैं कि बच्चे भी इसे आसानी से छू सकते हैं। इस मार्ग से हर रोज क्षेत्र कई बालवाहिनियां गुजरती हैं इस कारण बड़ी दुर्घटना की आशंका रहती है। ट्रांसफार्मर का एक पोल भी टूटा हुआ हैं और इसके मामूली आंधी से भी गिरने का भय बना रहता है। वाटर वर्क्स प्रभारी नरेंद्रकुमार शर्मा ने बताया कि एक पोल बीच में से टूटा होने के कारण कभी भी गिर सकता है। ट्रांसफार्मर से आने-जाने वाले लोगों को भी खतरा है। विभागीय अधिकारियों से कई बार इसे सही करवाने की मांग की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उधर, एईएन मदन शर्मा ने बताया कि जेईएन को भेजकर जांच करवाई जाएगी। समस्या हुई तो जल्द ही समाधान करवाया जाएगा।
चारणवासी. सड़क के बीच में लगा ट्रांसफार्मर