- Hindi News
- एसडीएम के जवाब से नाखुश व्यापारियों ने दी अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी
एसडीएम के जवाब से नाखुश व्यापारियों ने दी अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी
व्यापारी और स्वर्णकार एसडीएम प्रभुदान चारण से मिले। इस पर एसडीएम ने सीआई भंवरलाल से इस संबंध में मोबाइल पर बात की। वहां से जवाब मिला की इस प्रकरण को लेकर पुलिस गंभीर है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस पर व्यापारियों ने सीआई को मौके पर बुलाकार बातचीत की मांग की लेकिन उनके बाहर होने की बात कही गई।
एसडीएम ने डीएसपी को फोन कर व्यापारियों से मिलने का आग्रह किया लेकिन डीएसपी ने भी वही रटा-रटाया जवाब देकर आने से मना कर दिया। इसके बाद व्यापारियों ने एसडीएम से पुलिस के रैवेये की शिकायत की, जिस पर एसडीएम ने दो टूक कह दिया कि इसमें मैं और क्या कर सकता हूं। पुलिस के विरूद्ध कार्रवाई तो पुलिस के ही उच्चाधिकारी कर सकते हैं।
एसडीएम ने हाथ जोड़ते हुए अपनी लाचारी जाहिर कर दी। इस पूरे प्रकरण से नाखुश व्यापारी बिना ज्ञापन दिए ही एसडीएम चैंबर से बाहर गए। यहां से वे डीएसपी नानगराम मीणा से मिलने पहुंचे, लेकिन तब तक वे भी चलते बने। इससे आक्रोशित व्यापारियों ने तहसील परिषर में नोहर प्रशासन और पुलिस के विरूद्ध जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित व्यापारियों ने प्रशासन के इस रैवेये के विरूद्ध खेद जाहिर करते हुए कहा कि अगर उपखंड का मालिक इस ढ़ंग से लाचार है तो आमजन किसके भरोसे रहे।
पूरे घटनाक्रम से गुस्साये व्यापारियों ने अनिश्चितकालिन के लिए बाजार बंद की चेतावनी दी है। इस संबंध में शीघ्र ही सभी संगठनों की बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। इस मौके पर ग्रेन मेर्चेन्ट एसोसियेशन के अध्यक्ष रामचंद्र पारीक, थोक व्यापार संघ के अंजनी खदरिया, संयुक्त व्यापार संघ के मंत्री राजेंद्र कंदोई, किरयाना व्यापारी संघ के दिनेश भुकरकेवाला, मनीहारी व्यापार संघ के घनश्यामदास सिंधी, ओमप्रकाश बबुलानी, स्वर्णकार समाज के सचिव श्रीकिशन सोनी, दीनदयान सोनी, राजेंद्र सोनी, सांवरमल सोनी सहित अनेक व्यापारी एवं स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधि मौजूद थे।