गोधे का आतंक, ग्रामीणों ने किया काबू
गांवरतनपुरा के पास बाजीगरों की ढाणी में रविवार रात को अज्ञात लोगों द्वारा छोड़े गए पागल गोधे ने सोमवार को दोपहर तीन बजे तक आतंक मचाए रखा। पागल गोधे ने एक बाइक को क्षतिग्रस्त और एक ऊंटनी को टक्कर मार-मार कर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने इसे पकड़ने की कोशिश की तो मारने के लिए दौड़ा और लोगों ने बमुश्किल जान बचाई।
स्थिति नियंत्रण में आने पर एसडीएम प्रभुदान चारण नोहर सीआई भंवरलाल मेघवाल को सूचना दी गई। इसके बाद फेफाना पुलिस चौकी के कार्यवाहक प्रभारी राजेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर वन विभाग के रेंजर गुरमेल सिंह ने गोधे को पालतू पशु कहकर पल्ला झाड़ लिया और चार घंटे बाद सहायक वनपाल भवानी शंकर, महेंद्र पुरी, बनवारी लाल को भेजा। पटवारी सफी मोहम्मद रतनपुरा पशु उपस्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. संदीप कुमार भी मौके पर पहुंचे। गोधे को काबू होता देख ग्रामीणों ने प्रदर्शन भी किया। चौकी प्रभारी ने नारेबाजी कर रहे लोगों को समझाइश कर मामला शांत करवाया। आखिरकार ग्रामीणों ने एकत्रित होकर जान जोखिम में डाल कर लगभग तीन बजे पागल गोधे को काबू किया ओर नोहर गोशाला भिजवाया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक रामकुमार गोदारा ने अपनी जान पर खेलकर गोधे को काबू करने में सहयोग किया। राजबब्बर खलेरी, संतलाल थोरी, रणजीत देदड़, नंदराम थोरी आदि सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठे हो गए थे। पूर्व पंचायत समिति सदस्य जिंद्रपाल गोदारा ने बताया कि ऐसी स्थिति में प्रशासन की ओर से सहयोग मिलना गंभीर बात है। इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है और इसी कारण प्रदर्शन किया गया।