हनुमानगढ़. निकटवर्ती ढाणी अराईयान के जलदाय विभाग परिसर में मिट्टी ढह जाने से चार मजदूर दब गए। इसमें से एक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर प्रशासन के किसी अधिकारी के नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया। घटना बुधवार दोपहर की है। घायल मृतक नाेहर के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार निकटवर्ती गांव ढाणी अराईयान के जलदाय विभाग में कुएं से डिग्गी तक पाइप लाइन डालने के लिए खाई खोदी जा रही थी।
इस कार्य में कई मजदूर लगे हुए थे। दोपहर करीब ढाई बजे एकाएक मिटटी ढह गई। वहां काम कर रहे चार मजदूर दब गए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तीन मजदूरों को सकुशल बाहर निकाल लिया जबकि एक मजदूर लालूराम की मौके पर मौत हो गई।
गंभीर घायल जगदीश भाट (35 वर्ष) मुकेश पुत्र बंशीलाल भाट (25) को हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया जबकि कांग्रेस पुत्र बंशीलाल भाट (27) को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मृतक लालूराम पुत्र बंशीलाल भाट (27) के शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया है।
हादसे की सूचना पाकर एसडीएम प्रभुदान चारण, पुलिस उप अधीक्षक नानगराम मीणा, तहसीलदार कपिल उपाध्याय आदि मौके पर पहुंचे। गांव में डिग्गी में कुआं मिलान का कार्य ग्राम पंचायत की ओर से करवाया जा रहा है।