हनुमानगढ़. किसानों ने नोहर फीडर में राजस्थान के हिस्से का पूरा पानी लेने सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर रविवार को नोहर-सिरसा मार्ग पर एक घंटे तक चक्काजाम किया। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। हालांकि इस दौरान कोई भी प्रशासनिक अधिकारी के नहीं पहुंचने पर किसान और आक्रोशित हो गए। बाद में अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
स्वाभिमान किसान संघ के अध्यक्ष नत्थूराम ज्याणी ने कहा कि पूरे पानी की मांग को लेकर किसान एक वर्ष से आंदोलन कर रहे हैं लेकिन सिंचाई विभाग के अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। इससे किसानों को नुकसान हो रहा है। स्थिति यह है कि पूरा पानी नहीं मिलने से किसानों की फसलें सूख रही हैं।
किसानों को मजबूर होकर धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है। प्रवक्ता दलीपदास स्वामी ने कहा कि जब तक मांगें नहीं मानी जाएंगी तब तक किसान आंदोलन करते रहेंगे। इस दौरान पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र पूनिया ने किसानों से समझाइश करने की कोशिश की मगर किसान मांग पर अड़े रहे। इस मौके पर मातराम छिम्पा, रामूर्ति भादू, फर्साराम, अभय गोदारा, दुनीराम ज्याणी, राधाकृष्ण, हरचंद, कुरड़ाराम, राकेश, मनोज, गिरधारीलाल, जगदीश साहबराम आदि मौजूद थे।