हनुमानगढ़. टाउन-जंक्शन सहित जिलेभर में सोमवार को धानमंडी व्यापारियों की हड़ताल रही। इस वजह से मंडियों में जिंसों की बोली नहीं हो पाई। टाउन मेंं हनुमानगढ़ जिला खाद्य व्यापार संघ की ओर से प्रदर्शन किया गया।
आक्रोशित व्यापारियों ने एफसीआई के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रकट किया। टाउन जिला खाद्य व्यापार संघ के जिलाध्यक्ष घनश्याम भादू ने बताया कि सोमवार को जिलेभर की मंडियों में हड़ताल रही। उन्होंने बताया कि व्यापारियों को जिंसों की सरकारी खरीद पर एफसीआई की ओर से दो प्रतिशत आढ़त और 25 पैसे सैंकड़ा तुलाई राशि का भुगतान नहीं किया गया है।
इससे व्यापारियों में रोष है। एफसीआई की हठधर्मिता के चलते व्यापारियों का भुगतान अटका है। इसलिए व्यापारियों को आंदोलन करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष जुलाई महीने में ही भुगतान मिल गया था, जबकि इस साल सितंबर महीना खत्म होने वाला है, लेकिन अभी तक भुगतान नहीं हुआ है।
प्रदर्शन करने वालों में फूडग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन कंदोई, सचिव योगेश गर्ग, पूर्व अध्यक्ष प्रेम बंसल, एसोसिएशन सदस्य जितेंद्र जैन, अमित दुग्गड़, अमित गोदारा, अरूण कामरा, बालकिशन गोल्याण, कमल जैन, पवन गोल्याण, प्यारेलाल काठपाल आदि व्यापारी शामिल थे।
इसी प्रकार व्यापार संघ, व्यापार मंडल फूडग्रेन व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बकाया भुगतान की मांग को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। बाद में कृषि उपज मंडी समिति कार्यालय के समक्ष धरना लगाकर प्रदर्शन किया। ज्ञापन में बकाया भुगतान दिलाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में व्यापार संघ अध्यक्ष सचिव राजकुमार, व्यापार मंडल अध्यक्ष सचिव गोपाल चंद, जगदीश अग्रवाल, दलीप सिंह सहू , पदम जैन, लखवीर सिंह मान आदि शामिल थे।
उधर तोला एसोसिएशन ने अध्यक्ष सतपाल दामड़ी के नेतृत्व में जंक्शन स्थित कृषि उपज मंडी समिति के आगे प्रदर्शन किया। तोला मजदूर तुलाई का भुगतान करने की मांग कर रहे हैं। इस मौके पर दर्शनलाल, रणसिंह, रामस्वरूप बागड़ी, जीतराम, चिमनलाल निनाणियां, राजकुमार इंदौरा आदि मौजूद थे।
जिलाध्यक्ष घनश्याम भादू ने बताया कि हड़ताल के बाद भी अगर एफसीआई भुगतान नहीं करती है तो जिले के सभी व्यापारियों की बैठक आयोजित करवाई जाएगी। इसमें पूरे राज्य मेंं बेमियादी हड़ताल करने का निर्णय लिया जाएगा।
एडीएमसे मिले व्यापारी : टाउन-जंक्शन के व्यापारियों का शिष्टमंडल सोमवार को एडीएम बीएल मेहरड़ा से मिला। व्यापारियों ने उन्हें भुगतान बकाया की समस्या से अवगत कराते हुए कहा कि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो तेज आंदोलन किया जाएगा। इस पर एडीएम ने एफसीआई के डीएम श्रीगंगानगर से वार्ता की। डीएम ने अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में बकाया भुगतान कराने की बात कही। इस पर व्यापारियों ने सहमति जताई।