- Hindi News
- छह माह से दूषित पानी पीने को मजबूर हैं देईदास के ग्रामीण
छह माह से दूषित पानी पीने को मजबूर हैं देईदास के ग्रामीण
नोहर| क्षेत्रके गांव देईदास में जलदाय विभाग की पेयजल डिग्गी की सफाई करने नए फिल्टर लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने बुधवार को जलदाय विभाग की तालाबंदी कर आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी। मंगलवार को सरपंच रतनलाल ईशराम के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने इस संबंध में उपखंड अधिकारी को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में बताया गया है कि जलदाय विभाग की डिग्गी की हालत दयनीय है। डिग्गी में घास- फूस उगे पड़े है। इस कारण ग्रामीणों को मजबूर होकर पिछले छह माह से दूषित पानी पीना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि फिल्टर लंबे समय से नाकारा पड़े हैं। इस संबंध में अनेक बार विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। मगर आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। इस कारण ग्रामीणों को मजबूर होकर आंदोलन का सहारा लेना पड़ रहा है। ज्ञापन में करीब पांच दर्जन ग्रामीणों के हस्ताक्षर है।