हनुमानगढ़. नारायण सेवा संस्थान उदयपुर की ओर से विशेष योग्यजन को संबल प्रदान करने के लिए सोमवार को टाउन स्थित नवजीवन नशा मुक्ति केंद्र प्रागंण में सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के मुख्य अतिथि भाजपा नेता अमित सहू थे।
उन्होंने कहा कि विशेष योग्यजनों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती। उन्होंने कहा कि उनकी आवश्यकताओं को पूरा कर उनकी प्रतिभा को तराशा जा सकता है। शिविर की शुरुआत अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र समक्ष दीप जलाकर की। शिविर प्रभारी हरिप्रसाद लड्ढा ने बताया कि शिविर में 153 जनों का रजिस्ट्रेशन किया गया।
इस दौरान विशेष योग्यजनों को विशेष उपकरण दिए गए। उन्होंने बताया कि इस शिविर में उपकरणों से वंचित रहे निशक्तजनों को अगले शिविर में लाभांवित किया जाएगा। अध्यक्षता सरस्वती गर्ल्स कॉलेज के प्राचार्य डॉ. श्यामसुंदर शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि विकलांगता कोई अभिशाप नहीं है, बल्कि हम सभी को चाहिए कि ऐसे लोगों का सहयोग कर उन्हें समाज की मुख्य धारा में शामिल कर संबल प्रदान करने की कोशिश करें।
विशिष्ट अतिथि समाज कल्याण अधिकारी विक्रमसिंह शेखावत ने विशेष योग्यजनों को उनके कानूनी अधिकारों सरकार की ओर से उन्हें दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।
प्रभारी हरिप्रसाद लड्ढा ने बताया कि विशेष योग्यजनों के लिए बुधवार को नोहर के पारीक भवन में सहायता शिविर लगाया जाएगा। शिविर में मेडिकल जांच होगी।
नारायण सेवा संस्थान उदयपुर की ओर से आयोजित सहायता शिविर में जैसे ही विशेष योग्यजनों को आवश्यक उपकरण मिले तो उनके चेहरे खिल उठे। उपकरण पाने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। शिविर प्रभारी हरिप्रसाद लड्ढा ने बताया कि शिविर में 48 विशेष योग्यजनों को ट्राई साइकिल, दस व्हीलचेयर, 15 बैसाखी और दस श्रवण यंत्र दिए गए। वहीं रोडवेज की ओर से 50 विशेष योग्यजनों को मासिक पास जारी किए गए।
शिविर के दौरान उदयपुर से आए डॉ. मनोज शर्मा, डॉ. बीके शर्मा, डॉ. राजेंद्र कुमावत, डॉ. मुकेश त्रिपाठी आदि ने विशेष योग्यजनों के स्वास्थ्य की जांच की। आठ का चयन ऑपरेशन के लिए किया गया है। इनका उदयपुर में ऑपरेशन होगा।