तत्कालीन बैंक मैनेजर गिरफ्तार
आईसीआईसीआईबैंक के तत्कालीन उपशाखा प्रबंधक श्रीराम उर्फ रामेश्वर बिश्नोई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएचओ श्रवणदास ने बताया कि 25 अप्रैल 2014 को आईसीआईसीआई बैंक के क्लस्टर बैंक मैनेजर ने तत्कालीन उपशाखा प्रबंधक श्रीराम बिश्नोई के खिलाफ विश्वासघात, धोखाधड़ी करने फर्जी तरीके से खाता धारक की राशि निकालने का मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने इस मामले की जांच की तो खाताधारक दीपाराम जाट के नाम से फर्जी एटीएम जारी करवाना, फर्जी खाता खोलना 24 लाख 89 हजार रुपए निकालने के मामले सामने आए। इसी दौरान आरोपी श्रीराम ने उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत ले रखी थी। सोमवार को स्थानीय न्यायालय में आरोपी ने सरेंडर किया। मुंसिफ मजिस्ट्रेट महेन्द्र प्रताप बेनीवाल ने बहस सुनने के बाद आरोपी को पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी को दस दिन का रिमांड पर मांगा लेकिन न्यायालय ने चार दिन के रिमांड पर भेजने के आदेश दिए। एसएचओ ने बताया कि आरोपी से पिछले डेढ़ साल से लापता खाताधारक दीपाराम के बारे में पूछताछ की जाएगी।