नोखा में तीन प्रतिष्ठानों पर आयकर सर्वे
बीकानेर | आयकरविभाग ने नोखा में एक निजी अस्पताल सहित तीन व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर बुधवार को सर्वे की कार्रवाई की है, जो रात तक जारी थी। संयुक्त आयकर आयुक्त आर.के.शारदा के नेतृत्व में बुधवार दोपहर एक साथ प्रतिष्ठानों पर छापे मारे। इनमें एक अनाज का व्यापारी है, जिसकी दाल और फ्लोर मिल भी है तथा आढ़त का काम भी है। इसी प्रकार एक पीवीसी पाइप निर्माता फर्म के यहां भी सर्वे की कार्रवाई की गई है। नोखा शहर में स्थित एक निजी अस्पताल पर भी सर्वे किया गया है। इसके लिए आयकर अधिकारियों के तीन दल गठित किए गए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे आयकर विभाग के दल नोखा पहुंचे और एक साथ कार्रवाई शुरू की। तीनों स्थानों पर लेखा जोखा से संबंधित रिकार्ड जब्त कर लिया। कंप्यूटर, सीडी आदि भी कब्जे में ले ली गई। विभाग का कहना है कि दस्तावेजों की छानबीन की जा रही है। तीनों से लाखों रुपए की अघोषित आय उजागर होने की उम्मीद है।