- Hindi News
- दलितों को बेघर करने के विरोध में प्रदर्शन
दलितों को बेघर करने के विरोध में प्रदर्शन
नोखा | कस्बेमें राठी स्कूल के पीछे से प्रशासन द्वारा हटाए गए कब्जे पर नायक परिवार को सम्मान पुनर्वास करने की मांग को लेकर दलित एक्शन कमेटी के तत्वावधान में सोमवार को उपखण्ड कार्यालय के आगे सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व संसदीय सचिव गोविंदराम मेघवाल ने कहा कि दलित परिवार के साथ प्रशासन ने अन्याय किया है। यह परिवार अतिक्रमण के नाम पर हटाए गए स्थान पर पिछले 80 सालों से निवास करता था और यहां पर धूणी नाथ जी का धूणा भी था। प्रशासन ने दलित समाज की आस्था स्वाभिमान के साथ खिलवाड़ करते हुए आस्था के केन्द्र को भी तोड़ा है। उन्होंने अमावस्या के दिन बीकानेर जिला कलेक्टर कार्यालय के आगे प्रदर्शन करने की घोषणा भी की। इस अवसर पर श्रीडूंगरगढ़ के पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने कहा कि दलित समाज द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से किए जा रहे आंदोलन को प्रशासन अपनी हठधर्मिता से कुचलना चाहता है। सभा को मेघसिंह हिम्मटसर, लूणकरणसर पंचायत समिति के प्रधान श्यौदाना राम नायक, इमीचंद नायक, चम्पा राम, मगनाराम, सीताराम नायक, प्रेम नायक, जितेन्द्र आदि ने भी संबोधित किया। इसके बाद पूर्व संसदीय सचिव गोविंदराम मेघवाल के नेतृत्व में सभी जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन द्वारा हटाए गए अतिक्रमण स्थल का अवलोकन किया। वहीं श्रीडूंगरगढ़ के पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा के नेतृत्व जिला कलेक्टर के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
दलित परिवार के हटाए गए अतिक्रमण स्थल का मुआयना करते गोविंद मेघवाल अन्य।