बीकानेर. हॉकर्स यूनियन का ‘बेटी बचाओ-देश बचाओ’ महा अभियान का आगाज बुधवार को राजकीय महारानी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय से हुआ।
महाअभियान के रथयात्रा को डूंगर कॉलेज की प्राचार्य कृष्णा तोमर, भाजपा नेता सत्यप्रकाश आचार्य, अखिलेश प्रताप सिंह, शाला प्रधानाचार्य रक्षासिंह, यूनियन के अध्यक्ष पुखराज स्वामी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर प्राचार्य कृष्णा तोमर ने कहा कि बेटी अनमोल है, धरोहर है इसको बचाना हमारा प्रथम कर्तव्य है।
भाजपा नेता आचार्य ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में नारी का योगदान प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से पुरुषों की अपेक्षा अधिक होता है। शाला प्रधानाचार्य रक्षासिंह ने कहा कि बालिकाएं इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए संकल्प ले तो निश्चित रूप से सफलता प्राप्त होगी।
यूनियन अध्यक्ष स्वामी ने बताया कि रथ यात्रा यहां से रवाना होकर देशनोक, नोखा, मुकाम पहुंची। और बेटी बचाओं का संदेश दिया। इस मौके पर यूनियन के हनुमान गहलोत, सिराजूद्दीन कोहरी, बालेन्द्रसिंह, अकबर अली, धनश्याम तंवर, सुशील चौधरी आदि उपस्थित थे। इससे पहले स्कूल में राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस के अवसर पर एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के द्वितीय सत्र में स्वयंसेवकों के लिए बैज मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शिविर प्रभारी शकुंतला खींची ने एनएसएस स्थापना दिवस की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
वहीं राजकीय महारानी सुदर्शन महाविद्यालय में एनसीसी के तहत ‘बेटी बचाओ’ लिखित प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में करीब 302 छात्राओं ने भाग लिया। भाग लेने वाली प्रत्येक छात्रा को गीताप्रेस गोरखपुर के बीकानेर कार्यकर्ताओं ने नैतिक शिक्षा की पुस्तकें पुरस्कार स्वरूप दी। इस मौके पर महाविद्यालय की व्याख्याता डॉ. विजय लक्ष्मी शर्मा, डॉ. बबीता जैन, डॉ. अविनाश शर्मा डॉ. अशोक महला के निर्देशन में छात्राओं ने कन्याभ्रूण हत्या रोकने की शपथ दिलाई।