- Hindi News
- एकीकरण समानीकरण से शिक्षण कार्य प्रभावित
एकीकरण-समानीकरण से शिक्षण कार्य प्रभावित
राज्यसरकार की ओर से गुणात्मक सुधार के नाम पर किए जा रहे एकीकरण और समानीकरण से स्कूलों में शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। स्कूली शिक्षक विभिन्न समस्याओं के साथ एकीकरण समानीकरण की समस्या से जूझ रहा है। जिसके चलते वह अपने मूल कार्य से भटक रहा है। राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के बैनर तले रविवार को हुई शिक्षकों की बैठक में शिक्षा और शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मसलों पर विचार-मंथन हुआ।
संगठन के प्रदेश मंत्री रवि आचार्य ने कहा कि वर्तमान में शिक्षा विभाग में उच्च अधिकारियों के मौखिक निर्देशों पर मनमाने प्रयोग हो रहे हैं। स्कूलों में शिक्षण कार्य को वापस पटरी पर लाने के लिए जरुरी है कि सरकार एकीकरण की विसंगतियों को शीघ्र दूर करें। वहीं प्रस्तावित समानीकरण में कक्षा के अनुरूप शिक्षक के मापदंड तय किए जाए। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश बिश्नोई ने कहा कि प्रतिबंधित जिलों से शिक्षकों के तबादले गृह जिले में किए जाए। नगर मंत्री दिनेश आचार्य ने कहा कि शिक्षकों को न्यू परीक्षा परिणाम के नाम पर विभाग की ओर से परेशान किया जा रहा है। न्यून परीक्षा परिणाम के कारणों को जाने बिना शिक्षक को दोषी ठहराना न्यायोचित नहीं है। बैठक में टांट स्कूल के शिक्षक को बेवजह परेशान करने वालो के खिलाफ कार्रवाई, आरपीएमएफ बढ़ोतरी के आदेश वापस लेने, ग्रामीण भत्ता देने, एसीएस शिक्षा को हटाने के संबंधित मसलों पर भी विचार-विमर्श हुआ। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की मांग का शीघ्र ही निस्तारण नहीं हुआ तो आंदोलन की आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक में प्रदेश संयुक्त मंत्री श्री बल्लभ पुरोहित, नोखा अध्यक्ष सुभाष गोदारा, लूणकरणसर मंत्री अशोक शर्मा, नगर अध्यक्ष ज्ञानेश्वर सोनी आदि ने विचार रखे।
शिक्षक संघ राष्ट्रीय की बैठक में एकीकरण समानीकरण पर चर्चा करते संघ से जुड़े शिक्षक।