बीकानेर। बुनियादी साक्षरता परीक्षा 15 मार्च को होगी। यह परीक्षा पूरे देश में एक साथ नेशनल ओपन स्कूल राष्ट्रीय साक्षरता मिशन प्राधिकरण के तत्वावधान में होगी। बीकानेर जिले में नौ हजार नवसाक्षरों को परीक्षा दिलवाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
यह बात गुरुवार को जिला लोक शिक्षा समिति के तत्वावधान में हनुमान हत्था स्थित जिला साक्षरता सचिवालय में कार्यशाला में जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी डॉ. सोनिया शर्मा ने कही। उन्होंने बताया कि पहली बार अनेक स्थानों पर कला जत्थों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां, प्रभातफेरी, पदयात्रा एवं साइकिल रैली निकाली जाएगी जिसमें परीक्षा की जानकारी भी दी जाएगी।
सहायक परियोजना अधिकारी राजेंद्र जोशी ने कहा कि 15 मार्च को होने वाली परीक्षा के लिए जिन विद्यालयों में परीक्षा केन्द्र बनाए जा रहे हैं वे विद्यालय सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक खुले रख जाएंगे। पूर्व में जो नवसाक्षर परीक्षा आवेदन फार्म नहीं भर पाए है वे परीक्षा के दिन हाथों-हाथ परीक्षा केन्द्र पहुंचकर आवेदन भरकर परीक्षा दे सकेंगे।
15 मार्च को परीक्षा के लिए लूणकरणसर में 36, नोखा में 53, श्रीडूंगरगढ़ में 30, कोलायत में 33, बीकानेर में 40 एवं खाजूवाला में 32 परीक्षा केन्द्र बनाए जाएंगे। कार्यशाला में बीकानेर के ब्लॉक समन्वयक महबूब अली पंवार, कोलायत से महेश कुमार, लूणकरणसर से जसवंत सिंह, नोखा से रामनारायण शर्मा, श्रीडूंगरगढ़ से कविता जैन एवं निर्मल कौशल ने भाग लिया।