पटवारी भर्ती परीक्षा के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन बसें
राजस्थानसरकार की 13 फरवरी को होने वाली पटवारी परीक्षा में परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी तरुण जैन ने बताया कि 13 फरवरी को बीकानेर से चूरू एवं मेड़ता के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 04701 बीकानेर-मेड़ता परीक्षा स्पेशल 13 फरवरी को सुबह आठ बजे बीकानेर से रवाना होकर देशनोक, नोखा, नागौर होते हुए 12.30 बजे मेड़ता पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04702 मेड़ता-बीकानेर स्पेशल ट्रेनें दोपहर 2.55 बजे मेड़ता से रवाना होकर शाम 6.40 बजे बीकानेर पहुंचेगी। इस ट्रेनें में 10 डिब्बे द्वितीय कुर्सीयान के एवं दो गार्ड डिब्बे होंगे। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04712 बीकानेर-चूरू परीक्षा स्पेशल 13 फरवरी को सायं पांच बजे बीकाने से रवाना होकर नापासर, सूडसर, श्रीडूंगरगढ़, राजलदेसर, रतनगढ़ होते हुए रात आठ बजे चूरू पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04722 चूरू-बीकानेर परीक्षा स्पेशल रात 8.30 बजे चूरू से रवाना होकर रात 11.30 बजे बीकानेर पहुंचेंगी। इस ट्रेन में आठ द्वितीय कुर्सीयान एवं दो गार्ड डिब्बे सहित कुल दस डिब्बे होंगे।
पटवारी भर्ती परीक्षा के लिए रोडवेज भी अतिरिक्त बसें चलाएगा। डीडवाना, कुचामन, मकराना, बोरावड़ आदि स्थानों के लिए 12 फरवरी को सायं चार एवं पांच बजे तथा 13 फरवरी को सुबह चार एवं 4.30 बजे रोडवेज बस स्टैंड से अतिरिक्त बसें चलेगी। रोडवेज बीकानेर के मुख्य प्रबंधक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि ये बसें 13 फरवरी को दोपहर 3.30 बजे से प्रत्येक आधे घंटे के अंतराल से बीकानेर के लिए रवाना होगी। इसके अलावा बीकानेर-नागौर मार्ग पर रोडवेज की नियमित बस सेवाएं सुबह 4.45 बजे से 20-25 मिनट के अंतराल में उपलब्ध रहेगी। वहीं 13 फरवरी को परीक्षा सप्ताह होने पर बीकानेर आए चूरू एवं श्रीगंगानगर जिले के परीक्षार्थियों के लिए दोपहर 3.30 बजे से अतिरिक्त बसें लगाई जाएगी।
तीन ट्रेनों में कोच बढ़ाए
पटवारीभर्ती परीक्षा के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने के अलावा बीकानेर से जुड़ी तीन ट्रेनों में द्वितीय साधरण श्रेणी के छह कोच भी बढ़ाए गए है। गाड़ी संख्या 54704 में 12 फरवरी को, गाड़ी संख्या 54701 भटिंडा-लालगढ़ एवं गाड़ी संख्या 59706 बीकानेर-सूरतगढ़ में 13 फरवरी को दो-दो डिब्बों की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है।