प्रदेश में दो साल से फैला है अराजकता का माहौल:डूडी
भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर.
प्रदेशमें पिछले दो वर्षों में अराजकता का माहौल हो गया। किसानों को कृषि उपकरणों, सिंचाई साधनों, संसाधनों पर सब्सिडी में कटौती कर दी। बीपीएल की सब्सिडी घटा दी और 15 लाख बेरोजगारों को रोजगार देने का दावा करने वाली भाजपा ने सत्ता में आने से लेकर अब तक मात्र 346 शिक्षित युवाओं को नौकरी दी है। यह बात विधानसभा में विपक्ष के नेता रामेश्वर डूडी ने कही। वे यहां सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने सरकार पर घोषणा पत्र में किए वायदों पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया। डूडी ने कहा कि ललितगेट कांड के जरिए सीएम के खिलाफ भ्रष्टाचार के दस्तावेजी प्रूफ पेश किए जा चुके लेकिन सरकार ने विधानसभा में इसके बारे में वक्तव्य तक पेश नहीं किया। उन्होंने कहा प्रदेश में महिला मुखिया है और महिलाएं सुरक्षित नहीं है, विडंबना है कि गैंगरेप होते हैं और पुलिस सोई हुई है। उन्होंने कहा कि 15 लाख बेरोजगारों को रोज गार देने का दावा करने वाली सरकार ने इन दो वर्षों में 17500 स्कूल बंद कर दिए और विद्यार्थी मित्रों को घर भेज दिया। सरकार पांच हजार स्कूल और बंद करना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली दरों की बेतहाशा बढ़ोतरी करने के बावजूद बिजली बनाने वाली कंपनियां 95000 करोड़ रुपए के घाटे की दलदल में धंस गई हैं। राज्य में पहली बार मुआवजा मिलने से हताश 60 किसानों ने आत्महत्या कर ली।
रामेश्वर डूडी