6.60 करोड़ के विकास कार्य मंजूर
कृषिउपज मंडी समिति के व्यापारियों तथा किसानों को सुविधा देने के लिए छह करोड़ साठ लाख के विकास कार्य करवाए जाएंगे, जिसकी मंजूरी राज्य सरकार ने दे दी है। यह कार्य दो माह बाद शुरू होंगे।
विधायक सुरेंद्र पाल सिंह टीटी ने बताया कि मंडी यार्ड में हर छोटी बड़ी गतिविधि पर निगाहें रखने के लिए मंडी यार्ड में 29 लाख 80 हजार, मंडी यार्ड में निर्मित नई दुकानों में विद्युत सर्विस कनेक्शन पूरे यार्ड में अंधेरा खत्म करने के लिए 59 लाख 20 हजार, हाई मास्ट लाइट एलईडी के विस्तार पर 29 लाख 33 हजार, टावर लाइटों के सुधार हेतु 15 लाख 25 हजार अलग से खर्च किए जाएंगे। मुख्य गेट पर ग्लो साइन बोर्ड मंडी प्रांगण पर दिशा सूचना बोर्ड पर 15 लाख 74 हजार रुपए डिस्पले बोर्ड पर दस लाख 24 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। निर्माणाधीन कॉमन पिड़ को कवर्ड करने के लिए 73 लाख 20 हजार, मंडी यार्ड के चारों ओर शेडों के साथ से गंदगी हटाकर वहां सीसी कार्य पर 80 लाख खर्च के अलावा व्यापार मंडल के तीन तरफ सड़क निर्माण पर 26 लाख रुपए, दुकान नंबर 118 से 134 तक आंतरिक सड़क निर्माण पर 54 लाख रुपए, मंडी यार्ड की चारदीवारी को ऊंचा करने के लिए 32 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा पूर्व में बने शैडों के विस्तार पर 24 लाख, आंतरिक सड़क मरम्मत गेट नंबर 3 से कैंटीन भवन तक 40 लाख 50 हजार खर्च किए जाएंगे।
गेट नंबर 3 के मरम्मत कार्य पर पांच लाख, कार्य ग्रिडिंग लेप पर 17 लाख, ड्रेनेट सिस्टम पर 14 लाख 40 हजार, मंडी यार्ड के कार्यालय भवन के विस्तार पर 15.60लाख रुपए, चार शौचालय पर पांच लाख, नालियों के फेवर कवर पर सात लाख बीस हजार, प्याऊ निर्माण पर तीन लाख पचास हजार, मंडी यार्ड के पास फसल के पास बैठने के लिए कृषक सिटिंग अरेंजमेंट दो लाख अस्सी हजार तथा ग्रामीण क्षेत्र के किसानों को लाभ देने के लिए सौ पुलियों पर 44 लाख खर्च किए जाएंगे कृषि उपज मंडी समिति के सचिव रामप्रताप कलवासिया ने बताया कि इन निर्माण कार्यों की निविदा का कार्य अगले माह शुरू किया जाएगा। दो माह में इन कार्यों को शुरू कर दिया जाएगा।