घर में घुसकर वृद्धा की चेन तोड़ी
चेनस्नेचिंग की वारदात दिन दिन बढ़ती जा रही है। पुलिस से बेखौफ बदमाश अब घर में घुसकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। रविवार को पलसाना के एक घर में घुसकर युवक एक वृद्धा की चेन तोड़कर भाग गया। हालांकि सूचना पर पहुंची पुलिस को छानबीन में चेन मिल गई।
पुलिस के अनुसार पलसाना के शृंगार मार्केट स्थित राधेश्याम शर्मा के घर पर 60 वर्षीय सरस्वती देवी को बदमाश ने वारदात का शिकार बनाया। रविवार रात सरस्वती देवी घर पर अकेली थी और परिजन शादी में गए हुए थे। करीब 8.30 बजे सरस्वती देवी सिगड़ी जलाकर घर के चौक में बैठी थी। इसी दौरान मोटर साइकिल सवार नकाबपोश एक युवक घर में आया और सरस्वती देवी के गले से चेन तोड़कर भाग गया। वारदात के बाद महिला के शोर मचाने पर लोग एकत्रित हो गए और परिजनों को वारदात की सूचना दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।