परतापुर। पंचायत समिति के गढ़ी में उपप्रधान के चुनाव में प्रभारीमंत्री जीतमल खांट की मौजूदगी में ही भाजपा सदस्य ने हंगामा किया। नौबत यह गई कि मौके पर मौजूद पुलिस को हस्तक्षेप करते हुए समझाइश करनी पड़ी। उपप्रधान के चुनाव को लेकर भाजपा के पंचायत समिति सदस्य दिलवर और उनके समर्थकों ने उम्मीदवार नहीं बनाए जाने से खफा थे।
पूर्व में पार्टी स्तर पर तय किसी आश्वासन को लेकर दिलवरसिंह ने दावेदारी जताई, लेकिन भाजपा की ओर से विजयपाल उम्मीदवार घोषित किए। इस पर दिलवरसिंह और उनके समर्थकों ने मंत्री और भाजपा के खिलाफ रोष जताते हुए हंगामा कर दिया। दिलवर ने बताया कि पूर्व में उन्हें उपप्रधान बनाने को लेकर चुनावी मैदान में उतारा था।
इसी वजह से उनके क्षेत्र में तीन वार्ड पर भाजपा की जीत दर्ज हुई , लेकिन अब वे लोग बदल गए हैं। इसके पीछे अशोकसिंह मेतवाला पर आरोप लगाया गया। अशोकसिंह से लड़ने के लिए दिलवर के समर्थक और समानता मंच के संयोजक दिग्विजय सिंह पहुंच गए। हालांकि इस बीच मामला ज्यादा तूल पकड़ता, पुलिस ने संभाल लिया। जानकारी मिलने के बाद बांसवाड़ा से मय जाप्ता डिप्टी विक्रमसिंह भी मौके पर पहुंच गए। अंत में मामला शांत हुआ।
विजयपाल बने उपप्रधान
दूसरी ओर उपप्रधान पद के चुनाव में भाजपा के विजयपाल पाटीदार निर्वाचित हुए। कांग्रेस की प्रत्याशी सारिका राठौड़ को 5 वोटों से पराजित किया। पाटीदार को 16 और राठौड़ को 11 मत मिले। पंचायत समिति के 27 वार्डों में भाजपा के 16 पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए एवं कांग्रेस के 11 सदस्य निर्वाचित हुए थे।
मतगणना के बाद रिटर्निंग अधिकारी बजरंगलाल वर्मा ने उपप्रधान विजयपाल पाटीदार को शपथ दिलाकर प्रमाण पत्र जारी किया। इस अवसर पर भाजपा प्रभारी महावीर बोहरा, शांतिलाल लबाना, कैलाश मीणा, भूपेन्द्र जोशी, नरेन्द्र श्रीमाल, चंदूलाल जोशी, कन्हैयालाल मामू, रमेश आचार्य, रमेश चौहान, रूपेंग पाटीदार, कचरा गायरी, धनराज नायक, रमेश पटेल, कन्हैयालाल गरासिया मौजूद थे। मीडिया प्रभारी कुलदीप द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
दूसरे दिन गांगडतलाई में शांति, पुलिस जांच में जुटी
गांगड तलाई में प्रधान के चुनाव के दौरान हुए उपद्रव के मामले में पुलिस जांच मेें जुट गई। रविवार को हुए उपप्रधान के चुनाव में भारी पुलिस बल तैनात रहा और शांतिपूर्ण रुप से उपप्रधान के चुनाव संपन्न हुए। दूसरे दिन किसी भी प्रकार का कोई तनाव नहीं रहा।
हालांकि पुलिस ने नामजद किए आरोपी में से मुख्य आरोपी सोमा पुत्र कमजी कटारा निवासी राम का मुन्ना सहित सभी आरोपियों की धरपकड़ प्रारंभ कर दी है। इनके खिलाफ राजकार्य में बाधा, जान से मारने का प्रयास, सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया है।