- Hindi News
- किसानों को पानी नहीं मिलने पर अब अफसर किए पाबंद
किसानों को पानी नहीं मिलने पर अब अफसर किए पाबंद
परतापुर। पंचायतीराजचुनाव की आचार संहिता लगने से पूर्व की पंचायत समिति की अंतिम साधारण सभा की बैठक राज्यमंत्री जीतमल खांट के मुख्य आतिथ्य में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान सीमा बरगोट ने की तथा विशिष्ट अतिथि उपप्रधान विनोद शर्मा थे।
विकास अधिकारी मुकेश मोड़ पटेल ने सदन की कार्यवाही अध्यक्ष की अनुमति से शुरू की। पटेल ने पिछली साधारण सभा की कार्रवाई को बताया। सदन में मुख्य रूप से माही का पानी अब तक टेल तक नहीं पहुंचने की शिकायत जिपस महेंद्र वर्मा, राजेंग भाई, रूपेंग पाटीदार ने की। इसे मंत्री खांट ने गंभीरता से लेते हुए माही के एक्सईएन बलवंतसिंह को एक सप्ताह में पूरे गढ़ी क्षेत्र में पानी पहुंचाने की हिदायत दी। वहीं, बीडीओ पटेल और तहसीलदार केशरसिंह को पटवारी सचिव की डयूटी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जरूरत पड़ने पर पुलिस का सहयोग भी लिया जाए।
जलप्रदाय के अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण जनता जल योजना तीन ग्राम पंचायत में चल रही थी, जिसे जलप्रदाय विभाग में हस्तांतरित कर दिया गया है। विद्युत निगम द्वारा ब्लॉकवार थ्री फेस बिजली देने सहित मुख्यमंत्री ग्रामीण फीडर योजना की प्रगति की जानकारी दी। मंत्री खांट ने इस अवसर पर सभी ग्राम पंचायतों में स्ट्रीट लाइट लगाने की घोषणा की। सार्वजनिक निर्माण विभाग के एक्सईएन अशोक जैन ने प्रस्तावित नई सड़कों सहित मोटा महादेव बस्सी की सड़क अन्य निर्माण कार्य की जानकारी दी। इस पर पंसस जितेंद्र अवचार ने कहा कि टेंडर पैकेज सिस्टम से करने के कारण छोटे ठेकेदार बेरोजगार हो रहे हैं। सरपंच रामचंद्र ने भरड़ाजाल से गामडी की सड़क बनाने की मांग की। सदन में उपप्रधान शर्मा, सरपंच विठ्ठल सावडा, सरपंच कमलेश बूझ ने भी अपने क्षेत्र की समस्याएं सदन के पटल पर रखी। विकास अधिकारी पटेल ने सरपंचों को 31 दिसंबर तक अधूरे कार्यों को पूरा कराने की हिदायत दी। पटेल ने सदन में वर्ष 2015-16 की वार्षिक योजना अनुमोदन के लिए सदन पटल पर रखी, जिसमें 34383.37 लाख का बजट रखा गया। जिसको ध्वनिमत से पारित कर दिया गया।