कॉलेज के मुख्य द्वार पर ताला जड़ा
कस्बेमें बीसलपुर रोड पर संचालित एक निजी महाविद्यालय में एक शिक्षिका ने छात्र-छात्राओं से अभद्र व्यवहार किया। इस पर छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए तथा शिक्षिका को हटाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए।
कॉलेज प्राचार्य निधि सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों का मामला समिति के पदाधिकारियों को अवगत करा दिया है। निर्णय समिति का होगा। छात्रों ने बताया कि इस मामले की शिकायत उपखंड अधिकारी को भी ज्ञापन के माध्यम से की जा चुकी है। ज्ञापन में विद्यार्थियों ने बताया कि जब तक शिक्षिका को कॉलेज से नहीं हटाया जाएगा, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे। समिति अध्यक्ष ने बताया कि आगामी बैठक में इस मामले की चर्चा की जाएगी तथा जांच करने के बाद ही शिक्षिका के बारे में निर्णय लिया जाएगा।
नाम नहीं छापने की शर्त पर एक छात्र नेता ने बताया कि विद्यार्थियों के खिलाफ पुलिस में झूठा मामला दर्ज कराने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे आंदोलन दब सके। उपखंड अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों की शिकायत मिलने के बाद नायब तहसीलदार को मौके पर भिजवाया था और विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास भी किया था, लेकिन छात्र शिक्षिका को हटाने की मांग पर अड़े हुए थे। कॉलेज प्रशासन समिति की होने वाली बैठक में मामला सुलझा लिया जाएगा।