बैरवा समाज के 51 जोड़ों का विवाह आज
फागी | रेनवालमांजी पंचायत मुख्यालय पर संचालित बैरवा छात्रावास परिसर में शुक्रवार को बैरवा सामूहिक विवाह संस्थान जयपुर ग्रामीण के तत्वावधान में सामूहिक विवाह सम्मेलन होगा। इसकी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। विवाह समिति अध्यक्ष महामंत्री कैलाश नागरवाल ने बताया कि विवाह स्थल परिसर में वधू के लिए जनकपुरी वर के लिए अयोध्यापुरी तैयार कर ली गई है।सम्मेलन में जयपुर, टोंक, अजमेर, बूंदी, कोटा, नागौर, सवाई माधोपुर, दौसा आदि जिलों के 51 जोडे़ विवाह बंधन में बंधेंगे। विवाह सम्मेलन समिति के प्रवक्ता दीपचन्द नागरवाल ने बताया कि शुक्रवार को प्रात: 7 बजे भगवान की पूजा-अर्चना की जाएगी तथा दूल्हों की बैंडबाजे के साथ निकासी निकाली जाएगी। 8:15 बजे थाम स्थापना, 11:15 पर तोरण वरमाला की रस्म पूरी करवाई जाएगी तथा 12:30 बजे पण्डित के सान्निध्य में पाणिग्रहण संस्कार कार्यक्रम करवाया जाएगा। उसके बाद 1 बजे सामाजिक सम्मेलन एवं 3:15 पर आशीर्वाद समारोह होगा। इसके मुख्य अतिथि चाकसू विधायक लक्ष्मीनारायण बैरवा होंगे तथा अध्यक्षता विधायक प्रेमचन्द बैरवा करेंगे तथा विशिष्ट अतिथि प्रधान सरोज पारीक एवं सरपंच हरिनारायण माण्डया होंगे। वर वधू को विवाह समिति की ओर से पलंक, चौकी, डेसिंग, पंखा, सिलाई मशीन, अलमारी, बक्सा, मंगलसूत्र आदि सामान दिया जाएगा।