जनपदों ने अपने ही प्रधान के कार्यक्रम का बहिष्कार किया
सुनेल| पंचायतसमिति सुनेल प्रधान कन्हैयालाल पाटीदार के कार्यकाल का शनिवार को एक साल पूरा होने पर पंचायत समिति सभागार में समारोह का आयोजन किया गया। इसका भाजपा जनपदों ने बहिष्कार कर दिया।
पंचायत समिति सदस्यों ने कहा प्रधान को वोट देकर चुना था। प्रधान जनपदों की समस्याओं पर ध्यान नहीं देते हैं। इसी नाराजगी के चलते उनके कार्यकाल के एक साल का पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। प्रधान पाटीदार ने कहा कि कार्यक्रम की सूचना सभी पंचायत समिति सदस्यों को दी थी। इस बारे में पता नहीं कि जनपदों की संख्या इतनी कम क्यों रही। रूटीन के काम सबके हो रहे हैं। जनपदों की मेरे प्रति नाराजगी जैसी बात नहीं है। सभी जनपदों को साथ लेकर ही काम किए जा रहे हैं। वहीं उपप्रधान ममता कुंवर ने कहा कि पेंशन, शौचालय भुगतान अन्य कार्य लोगों की समस्याएं लेकर जाते हैं तो कोई सुनवाई नहीं होती है। भाजपा जनपद रमेश नागर ने बताया कि पंचायत समिति सभागार में प्रधान के एक वर्ष पूर्ण होने के समारोह में आमंत्रण की कोई सूचना नहीं मिली। जनपद भैरूलाल मेहर ने कहा कि कार्यक्रम की सूचना मिली थी, लेकिन हमारी समस्याओं को तवज्जो नहीं दी जाती है। इस कारण कार्यक्रम में भाग लेना उचित नहीं समझा। जनपद रामेश्वर दांगी ने कहा कि पंचायत समिति से फोन आया था कि सालगिरह मना रहे है। पर क्षेत्र के लोगों की समस्या का कोई समाधान ही नहीं हो रहा है।
19यूनिट रक्तदान
पंचायतसमिति भाजपा बोर्ड को एक वर्ष पूरा होने पर पंचायत समिति सभागार में एक रक्तदान शिविर भी लगाया गया। जिसमें 19 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार थे। इसमें पूर्व चेयरमैन राजेन्द्र जैन, पिड़ावा चेयरमैन निर्मल शर्मा, पूर्व पार्षद राजेन्द्र सिंह सहित अन्य मौजूद थे।
सुनेल. कार्यक्रम को संबोधित करते श्रीकृष्ण पाटीदार।