झुंझुनूं. सूरजगढ़ | उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी रहे डॉ. दिगंबरसिंह ने बुधवार शाम मंडी गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हार से हताश होने की जरूरत नही है। क्षेत्र में जो वादे किए थे उन्हें पूरा कराया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने मेहनत की थी लेकिन शायद मेरा ही दुर्भाग्य था कि चुनाव हार गया।
सूरजगढ़ को अपनी कर्मभूमि बताते हुए कहा कि अब यहीं जनता की सेवा करूंगा। पिलानी विधायक सुंदरलाल, पंस प्रधान सविता पूनिया, सांसद संतोष अहलावत के पति सुरेंद्र अहलावत, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष पूनिया ने भी संबोधित किया। खाजूवाला विधायक विश्वनाथ मेघवाल, सेवाराम गुप्ता, विकास शर्मा, धर्मसिंह भालोठिया, सतीश गजराज, रतनसिंह तंवर, छैलू राम भडिय़ा, बृजमोहन तुलस्यान, राजेंद्र शर्मा, नरेश वर्मा, हजारीलाल सैनी, संजय गोयल आदि मौजूद थे।
जिस डाल पर बैठे उसी को काटा
चिकित्सामंत्री डॉ. राजेंद्र राठौड़ ने विधानसभा उपचुनाव में हार के कारण पर किसी का नाम लिए बगैर कहा कि ऐसा चुनाव मैंने यहीं देखा कि जिस डाल पर बैठा है उसी डाल को काट रहा है। राजस्थान में कई जगह पहले भी उपचुनाव में पार्टी ने मेरी ड्यूटी लगाई लेकिन कहीं पर ऐसा वाकया नहीं हुआ।