झुंझुनूं | स्वच्छ भारत सप्ताह के तहत सभी नगर पालिकाओं एवं झुंझुनूं नगर परिषद भी 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विशेष सफाई अभियान चलाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को बैठक हुई। एडीएम सुरेंद्र माहेश्वरी ने बताया कि अभियान के तहत प्रभात फेरी निकाल कर लोगों को, स्वच्छता के लिए जागरूक किया जाएगा। सार्वजनिक मूत्रालयों, सामुदायिक शौचालयों की मरम्मत, रखरखाव साफ-सफाई की जाएगी।
अभियान के दौरान बस स्टैंड, सड़कों, पार्कों, बाजारों, सार्वजनिक क्षेत्र तथा स्टेशन के समीप क्षेत्र में साफसफाई कराई जाएगी। राजकीय भवनों, स्कूलों, अस्पतालों एवं परिसरों की सफाई भी करवाई जाएगी। स्कूलों में स्वच्छता के महत्व को बताने के लिए शिक्षा सामग्री का वितरण किया जाएगा। सीवरेज लाइन के टूटे हुए मेन हॉल की मरम्मत भी करवाई जाएगी। उन्होंने पिलानी के अधिशाषी अधिकारी को पिलानी परिवर्तन मंच के खिलाफ सार्वजनिक संपति विरूपण के तहत एफआईआर दर्ज करवाने के लिए कहा है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक विप्लव न्यौला को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से सफाई के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए प्रभात फेरी निकलवाने के निर्देश भी दिए। बैठक में प्रशिक्षु आईएएस कानाराम, नगर परिषद आयुक्त राजेंद्र सीगड़, डीईईओ इंद्राज सिंह,एडीईओ कमलेश तेतरवाल समेत सभी नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
झुंझुनूं. कलेक्टोरेट के सभागार में हुई सफाई अभियान की समीक्षा बैठक में भाग लेते अधिकारी।