झुंझुनूं. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 12 दिसंबर को पूर्व पीसीसी चीफ डा. चंद्रभान के साथ नरहड़ आएंगे। वे शुक्रवार सुबह 10.15 बजे सूफी संत हजरत शकरबार शाह की नरहड़ दरगाह में जियारत और चादर चढाने के बाद प्रहलादराम माली की ढाणी जायेंगे।
दरगाह में इंतजामिया कमेटी के सचिव उस्मान पठान मालीगांव, सदर शफीक पीरजी, वरिष्ठ खादिम हाजी अजीज खां पठान और अन्य हिस्सेदारों द्वारा तथा पूर्व प्रधान निहालसिंह रणवा के निवास पर पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत और डा. चंद्रभान का स्वागत भी होगा।
चिड़ावा नगर पालिकाध्यक्ष ओमप्रकाश सैनी ने बताया कि गहलोत ढाणी में सामाजिक कार्यकर्ता स्व. प्रहलादराम सैनी की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद आयोजित किसान सभा को भी संबोधित करेंगे। जिसमें झुंझुनूं विधायक बृजेंद्र ओला, श्रवण कुमार सूरजगढ, डा. राजकुमार शर्मा नवलगढ, पूर्णमल सैनी खेतड़ी, पूर्व मंत्री डा. जितेंद्रसिंह, पूर्व विधायक प्रतिभासिंह, भगवानसहाय सैनी, वक्फ बोर्ड चेयरमैन लियाकत अली खान, जिला प्रमुख हनुमानप्रसाद और प्रधान भगवानाराम सैनी सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता पदाधिकारी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लेंगे।
प्रशासन एवं पुलिस ने लिया जायजा: प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों ने गुरूवार को प्रहलादराम की ढाणी नरहड़ पहुंचकर शुक्रवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
चिड़ावा एसडीएम हीरालाल मीणा, डीएसपी जगमोहन शर्मा और पिलानी सीआई भीष्मराज आर्य ने आयोजन समिति प्रहलादराम सैनी मेमोरियल सेवा संस्थान के सांवरमल, सतीश, सुरेश, सुरेंद्र सैनी और रामावतार सैनी चिड़ावा से व्यवस्था संबंधी जानकारी ली। प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों ने इस दौरान वीआईपी वाहनों के रूट, सभा स्थल, पार्किंग की व्यवस्थाएं भी देखी।
चिड़ावा में मिलेंगे कांग्रेस कार्यकर्ताओं से: पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शुक्रवार दोपहर एक बजे नरहड़ से वापस लौटते वक्त चिड़ावा में झुंझुनूं रोड स्थित चौहान गेस्ट हाऊस पर क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों-कार्यकरर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। पालिकाध्यक्ष ओमप्रकाश सैनी ने बताया कि इससे पहले झुंझुनूं से नरहड़ जाते वक्त मंड्रेला रोड बाईपास चौराहे के पास कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगे।