विद्याविहार पालिका चुनाव में कइयों के सपने धराशायी
विद्याविहार नगरपालिका के 27 फरवरी को होने वाले चुनाव के लिए बुधवार शाम को मतदाता सूचियों के प्रकाशन में वर्तमान पार्षद सहित कई लोगों के नाम कटने से उनके पार्षद बनने के सपने धराशायी हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड 10 के वर्तमान पार्षद संतलाल चावला जो नए वार्ड नंबर 13 में रह रहे हैं का नाम मतदाता सूची से गायब है।
पार्षद चावला का कहना है कि उन्होंने फार्म नंबर चार भी भरकर दिया था। इसके बावजूद भी उनका नाम मतदाता सूची में नहीं जोड़ा गया। इसी प्रकार वार्ड 13 के महेंद्रसिंह कृष्णिया, वार्ड 16 में यूके पांडे तथा अन्य वार्डों में चुनाव लड़ने के इच्छुक कई लोगों के नाम मतदाता सूची से गायब हैं। जिसके चलते जहां उनके पार्षद बनने के सपने बिखर गए। वहीं वाजिब नाम कटने से लोगों में रोष भी है। नई सूची में वार्ड नौ में बीके बीआईईटी बीटीटीआई के स्टाफ कॉलोनी में रह रहे लोगों के नाम भी गायब हैं। इसके अलावा लोगों की शिकायत है कि विद्याविहार क्षेत्र में फार्म चार भरकर जमा कराने वाले किसी भी व्यक्ति का नाम नहीं जोड़ा गया है जबकि विभिन्न वार्डों में एक ही मकान में एक ही परिवार में 50 से लेकर 90 लोगों तक के नाम जोड़ दिए गए हैं। जिसके चलते आज पालिका में सुबह से ही लोगो ने विरोध व्यक्त करते हुए चुनाव आयोग प्रशासन से मतदाता सूचियों का पुनर्निरीक्षण करने की मांग की। दिनभर लोग पालिका चुनाव के लिए बनाए गए निर्वाचन अधिकारी का इंतजार भी करते रहे लेकिन वे नहीं पहुंचे।